Delhi Crime: राजधानी के सदर बाजार इलाके में दो नाबालिगों ने मामूली विवाद में सरेआम एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान मूलरूप से बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले मोहम्मद शाहिद के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि, सड़क से गुजरने के दौरान उसका दोनों आरोपी नाबालिग लड़कों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी दौरान एक नाबालिग ने शाहिद को पीछे से पकड़ लिया और दूसरे ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। इस हमले में घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों नाबालिगों को कुछ ही घंटे में दबोच लिया।
उत्तरी दिल्ली के डीसीपी सागर सिंह कालसी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, रात करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि, सदर बाजार में हरि मंदिर बालिका स्कूल के पास एक युवक को किसी ने चाकू घोंप दिया है। पुलिस ने घायल युवक को लेकर एक नजदीकी अस्पताल पहुंची, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि, चाकू के वार से शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और खून भी काफी बह गया, जिसकी वजह से मौत हुई।
गाली देने पर हुई थी नाबालिगों से लड़ाई
पुलिस ने घटना की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया। जांच के दौरान वारदात के बीच दो नाबालिग लड़कों के होने की जानकारी मिली। जिसके बाद नबी करीम थाना पुलिस ने एक नाबालिग को दबोच लिया। इस आरोपी से पूछताछ के बाद सदर बाजार पुलिस ने दूसरे नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि, मृतक शाहिद नशे में पूरी तरह से धुत था। उसने हम दोनों को गालियां दी। जिस पर उन्हें गुस्सा आ गया और पास में पड़े चाकू से शाहीद पर हमला कर हत्या कर दी। शाहिद एक निजी कंपनी में एसी रिपेयरिंग का काम करता था। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोना नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया है
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
