Delhi: राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक महिला की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक महिला की पहचान 56 वर्षीय रजनी मदान के रूप में की गई है। इस हत्या का खुलासा उस समय हुआ जब बेटा देर रात ऑफिस से घर लौटा। हत्यारों ने हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद घर के अंदर तेज आवाज में टीवी पर मूवी चला रखी थी और फ्लैट के बाहर से दरवाजे को लॉक कर रखा था। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। पुलिस हत्या का केस दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है। बताया जा रहा है कि, फुटेज में एक संदिग्ध नजर आया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि, हत्यारोपी ने घर में फ्रेंडली एंट्री की थी। इसलिए पुलिस वारदात में किसी करीबी या जानकार का हाथ होने का अंदेशा जता रही है। मृतक के बेटे ने पुलिस को घर से 80 तोला सोना और पांच लाख कैश गायब होने की जानकारी दी है।
घटना की जानकारी देते हुए डीसीपी उषा रंगनानी ने बताया कि, रात को एक पीसीआर कॉल पर एक कॉलर ने बताया था कि, थाना शालीमार बाग क्षेत्र में स्थित उसकी मां का फ्लैट बाहर से बंद है और फोन स्विच ऑफ है। इसके बाद जब पुलिस बताई गई जगह पर पहुंची तो वहां पर कॉलर 25 वर्षीय चेतन मदान मिला। जब पुलिस ताला तोड़कर अंदर पहुंची तो वहां पर चेतन की मां 56 वर्षीय रजनी मदान का शव पड़ा था। पूछताछ पर मृतका के बेटे चेतन ने बताया कि, वह सुबह ऑफिस गया था और जब रात करीब 10 बजे लौटा, तो फ्लैट को बाहर से बंद पाया। डीसीपी के अनुसार, महिला के शरीर पर कोई बाहरी चोट का निशान नहीं मिला है। फ्लैट में हत्यारोपी की फ्रेंडली एंट्री थी। पुलिस को अंदेशा है कि, आरोपी ने तकिए से मुंह दबाकर हत्या की। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
लंच के समय में बेटे ने किया कॉल, मां ने नहीं उठाया फोन
पुलिस जांच में पता चला है कि, चेतन के पिता की चार माह पहले हार्ट फेल से मौत हो गई थी। वह अपनी मां के साथ यहां रहता था। अब परिवार में कोई नहीं बचा। चेतन ओखला स्थित एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। चेतन ने बताया कि, वह ऑफिस से रोजाना दोपहर को लंच के समय अपनी मां को कॉल करता था। वीरवार को लंच टाइम में उसने मां को जब फोन मिलाया तो बात नहीं हो पाई। उसे लगा की मां सो रही होंगी। शाम को ऑफिस से निकलने के बाद भी उसने फोन किया, तब भी फोन रिसीव नहीं हुआ। जिसके बाद घर पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार, कमरे में फुल आवाज से टीवी चल रहा था। बेड पर रजनी मदान का शव पड़ा था। शरीर पूरी तरह नीला हो चुका था और मुंह में झाग था। इसलिए पुलिस गला दबाकर हत्या की आशंका जता रही है।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
