Delhi: दिल्ली के सरिता विहार थाना क्षेत्र में स्थित आली विहार इलाके में हत्या का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां हो रही एक शादी में बिना बुलाए खाना खाने पहुंची अधेड़ की लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कौशल मुखिया के तौर पर हुई है। हत्या का यह मामला बीती रात का है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी व कार्रवाई की मांग को लेकर शव को आली विहार पुलिस चौकी के सामने रखकर प्रदर्शन भी किया। फिलहाल सरिता विहार थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से शादी के आयोजक फरार चल रहे हैं।
मृतक के स्वजन ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि, मृतक कौशल मुखिया बीती रात करीब 11 बजे घूमने के लिए निकले थे। इस दौरान वे घर से कुछ दूरी पर स्थित एक बारातघर में पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि, मृतक अक्सर उस बारातघर में होने वाले शादियों में बिना बुलाए पहुंचते थे और खाना खाकर वापस आ जाते। लेकिन इस बार शादी के आयोजकों ने उनके बिना बुलाए पहुंचने पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। लोगों ने पहले जमकर पिटाई की और फिर गले में लपेटे हुए गमछे से गला घोंटने की कोशिश की।
आरोपियों ने पीड़ित परिवार को खुद दी जानकारी
बताया जा रहा है कि, आरोपियों ने अधमरी हालत में बारातघर के परिसर में ही अधेड़ को फेंक दिया। घटना के कुछ देर बाद आरोपितों ने खुद ही पीड़ित के स्वजन को आकर बताया कि, पीड़ित बारातघर के बीच में पड़ा हुआ है, जिसकी वजह से शादी आयोजन में समस्या हो रही है। यह जानकारी मिलने के बाद परिजन आनन-फानन में बारातघर पहुंचे और पीड़ित को अस्पताल ले गए। जहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। इससे नाराज परिजन शव को लेकर सीधे आली विहार पुलिस चौकी पहुंच गए और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। सरिता विहार थाना पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। बारात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त की गई है, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
