Delhi Covid Protocol: कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए राजधानी दिल्ली में सख्ती बढ़ने लगी है। दिल्ली के सरकारी दफ्तरों में मास्क और दो गज दूरी नियम को लागू करने के बाद अब कई अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी मास्क को अनिर्वाय किया जा रहा है। दिल्ली चिड़ियाघर ने भी अब अपनी वेबसाइट पर नोटिफिकेशन जारी कर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने का निर्देश दिया है। इस नोटिफिकेशन की जानकारी देते हुए चिड़ियाघर की निर्देशक आकांक्षा महाजन ने बताया कि यहां पर आने वाले टूरिस्टों को अब भारतीय काउंसिल मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की कोरोना गाइडलाइन को पूरी तरह से फॉलो करना होगा।
उन्होंने बताया कि, चिड़ियाघर परिसर में अब शारीरिक दूरी के साथ मास्क पहनना अनिवार्य किया जाएगा। अभी फिलहाल टिकट लेने के दौरान मास्क को पहनना अनिवार्य है। चिड़ियाघर प्रशासन ने यह फैसला नए साल पर यहां उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखकर किया है। क्रिसमस के साथ-साथ शुरू होने वाली नए साल की छुट्टियों में यहां रोजाना 10 से 15 हजार पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यहां कोरोना फैलने का खतरा बना रहेगा।
चिड़ियाघर में कोरोना फैलने का ज्यादा खतरा
चिड़ियाघर अधिकारियों के अनुसार, कोविड प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी जानकारी संस्थान के वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। यहां पर सभी नियमों को ध्यान में रखकर पर्यटक चिड़ियाघर पहुंचे, जिससे उन्हें किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके अलावा चिड़ियाघर आने वाले लोगों को टिकट लेने के दौरान भी कोरोना प्रोटोकॉल की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि, कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए यहां पर जल्द ही थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी शुरू कर दी जाएगी। चिड़ियाघर की निर्देशक आकांक्षा महाजन ने बताया कि, यहां पर देश के पर्यटकों के अलावा प्रतिदिन दर्जनों विदेशी पर्यटक भी आते हैं। जिसकी वजह से यहां पर कोरोना फैलने का खतरा ज्यादा है। लिहाज जू प्रशासन की तरह से कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए सख्ती बरतने का फैसला लिया गया है। चिड़ियाघर के सभी कर्मचारियों को भी पर्यटकों से अतिरिक्त दूरी बनाकर रहने का निर्देश दिया गया है, जिससे यहां के जानवरों पर इस वायरस का किसी तरह का प्रभाव न पड़े।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
