दिल्ली

Delhi: उम्र 65 साल, शिक्षा 11वीं तक, हाई कोर्ट का फर्जी जज बन पहुंच गया पुलिस थाने का निरीक्षण करने, फिर...

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 18, 2022, 01:00 PM IST

Delhi: हाई कोर्ट कोर्ट का जज बन समयपुर बादली थाने में जांच करने पहुंचे एक बुजुर्ग को गिरफ्तार किया गया है। इस आरोपी ने एक याचिका को खारिज करने के लिए पुलिस अधिकारियों से पांच लाख रुपये मांगे थे। जिसके बाद जब पुलिस ने आरोपी के बारे में जांच की तो फर्जीवाड़े का पता चला। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

दिल्‍ली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी बुजुर्ग

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • आरोपी जज बनकर समयपुर बादली थाने में पहुंचा था जांच करने
  • आरोपी ने याचिका खारिज करने के नाम पर मांगे थे पांच लाख
  • आरोपी हाईकोर्ट का जज बनकर लोगों के साथ करता था ठगी

Delhi: राजधानी दिल्‍ली में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। 11वीं पास एक बुजुर्ग व्‍यक्ति खुद को दिल्ली हाई कोर्ट का सिटिंग जज बताकर समयपुर बादली थाने का निरीक्षण करने पहुंच गया। इस फर्जी जांच के दौरान उसने पुलिस अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और फिर एसएचओ को कार्रवाई का डर दिखाकर पांच लाख रुपये रिश्‍वत की मांग कर दी। आरोपी की इस मांग पर पुलिस को शक हो गया। जिसके बाद पुलिस ने अपनी रिवर्स जांच शुरू की और फर्जी जज बने इस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान आदर्श नगर के रहने वाले नरेंद्र के तौर पर हुई है।

पुलिस जांच में पता चला है कि, यह आरोपी इसी तरह जज बनकर लोगों को ठगता है। अब तक कई लोगों से जज बनकर ठगी करने का पता चला है। आउटर नार्दन दिल्‍ली के डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि, शनिवार को समयपुर बादली के एसीपी अनुराग द्विवेदी के मोबाइल नंबर पर एक व्हाट्सएप मैसेज आया। जिसमें लिखा गया था कि वह हाई कोर्ट का जज है। मुझे तुरंत कॉल करें। उस मैसेज में जज का नाम भी लिखा था। एसपी ने जब कॉल किया तो दूसरी तरफ से उस व्‍यक्ति ने बताया कि वह समयपुर बादली इलाके में संगठित अपराध को लेकर दायर एक याचिका की जांच करने शाम पांच बजे थाने पर निरीक्षण करने आएंगे। नियत समय पर करीब 65 वर्ष का एक बुजुर्ग नैनो कार से थाने आया और एसएचओ संजय कुमार को खुद को दिल्ली हाई कोर्ट का जज बताया।

पत्‍नी ने दर्ज कराया दहेज का केस तो आरोपी को पता चली जज की शक्तियां

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी बुजुर्ग कुछ देर तक जांच के नाम पर खानापूर्ती करता रहा। उसके बाद याचिका को रद्द करने के लिए उसने एसएचओ से पांच लाख रुपये मांग लिए। इस पर एसएचओ को उस पर शक हो गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने दिल्ली हाई कोर्ट से संपर्क कर जानकारी ली तो आरोपी का झूठ पकड़ा गया और उसे तुरंत दबोच लिया गया। जांच में पता चला कि आरोपित नरेंद्र ने 11वीं क्लास तक पढ़ाई की है। इस आरोपी पर इसकी दूसरी पत्नी ने वर्ष 2011 में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद उसने कोर्ट में आते-जाते जज की शक्तियों के बारे में काफी जानकारी प्राप्‍त कर ली थी। ऐसे में यह आरोपी खुद को जज बताकर पुलिस अधिकारियों को फोन करने लगा था। पुलिस इस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article