Delhi: राजधानी दिल्ली में डीटीसी और कलस्टर बसों से सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। इन यात्रियों को अब बस में छुट्टे पैसे के लिए रोजाना की किचकिच नहीं करनी पड़ेगी। क्योंकि मेट्रो सेवा की तरह इन बसों में भी जल्द डिजिटल टिकटिंग सिस्टम लागू होने वाला है। जिसके बाद लोगों को टिकट के लिए नगद पैसे देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिस तरह से लोग अभी मेट्रो में स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रा करते हैं, ठीक इसी तरह बसों में भी यात्रा कर सकेंगे। इतना ही नहीं, मेट्रो और बस के कार्ड दोनों जगहों पर यूज होंगे। मतलब बस के कार्ड से मेट्रो में सफर और मेट्रो के कार्ड से बस में सफर लोगों को दो अलग-अलग कार्ड लेकर चलने की झंझट से भी मुक्ति मिल जाएगी।
दिल्ली ट्रांसपोर्ट कमिश्नर आशीष कुंद्रा ने बताया कि, इस डिजिटल टिकटिंग सिस्टम को डीटीसी और क्लस्टर बसों में एक साथ लागू किया जाएगा। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए दिल्ली परिवहन विभाग ने एक आरएफपी नोटिस जारी करके निविदाएं मांगी है। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने बताया कि, सख्त चयन प्रक्रिया के माध्यम से सर्विस प्रोवाइडर को हायर किया जाएगा। यही कंपनी यात्रियों को स्मार्ट कार्ड मुहैया कराने के साथ डिटिजल ट्रांजेक्शन के लिए जीपीएस आधारित इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनें भी उपलब्ध कराएगी। साथ ही इस योजना के लिए जरूरी सभी इंफ्रास्ट्रक्चर भी यही कंपनी विकसित करेगी। योजना के तहत एक ऐसा एप भी डेवलप किया जाएगा, जिसके माध्यम से यात्री बस स्टॉप पर खड़े-खड़े ही यह पता लगा लेंगे कि उनके रूट की बस कितने समय में आ रही है और उसमें कितनी सीट खाली है।
यह कार्ड कई मामलों में होगा खास
परिवहन विभाग के अनुसार, यह पूरा सिस्टम नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड पर आधारित होगा। इसी सिस्टम को डीएमआरसी भी अपने पूरे मेट्रो नेटवर्क पर लागू करने जा रही है। इसके बाद से यात्री एक ही कार्ड से बस और मेट्रो में सफर कर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के शुरू होने के बाद यात्री अपने डेबिट या क्रेडिट कार्ड के जरिए भी डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे। यात्री बस में सफर के दौरान बस कंडक्टर से भी इस डिजिटल कार्ड को खरीद सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्ड नॉन ट्रांसफरेबल कार्ड होगा। इसे केवाईसी (KYC) वेरिफिकेशन के बाद ही जारी किया जाएगा। अभी यह सिस्टम मुंबई की बसों में लागू किया गया है। दिल्ली ट्रांसपोर्ट विभाग की एक टीम ने बीते माह मुंबई जाकर इसका अध्ययन भी किया था। अधिकारियों के अनुसार, आगामी 3 माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर डीटीसी और क्लस्टर स्कीम की बसों में यह डिजिटल टिकटिंग सिस्टम शुरू कर दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
