Delhi: राजधानी दिल्ली में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय जॉब स्कैम सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। यह गैंग दुबई से ऑपरेट होती थी। दिल्ली पुलिस का दावा है कि, इस गैंग का मास्टरमाइंड दुबई में बैठा था गैंग के दूसरे सदस्य फिलीपिंस से अंतरराष्ट्रीय नंबर का इस्तेमाल कर लोगों को ई-कॉमर्स कंपनी की वेब सर्विस में नौकरी का झांसा देकर ठगते हैं। पुलिस ने इस गैंग के चार लोगों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, इस गैंग ने बीते पांच महीने के अंदर ही जॉब दिलाने के नाम पर पूरे देश में 100 से ज्यादा लोगों से करीब 5 करोड़ रुपये की ठगी की है।
नार्थ दिल्ली डीसीपी सागर सिंह काल्सी ने बताया कि, हमने इस गैंग के चार सदस्यों को दिल्ली के अगल-अलग हिस्सों से गिरफ्तार किया है। इसका माइंड दुबई में है। इन आरोपियों के बैंक अकाउंट की जांच की गई है, जिसमें अभी तक साढ़े तीन करोड़ रुपये फंड ट्रांसफर का पता चला है। ठगी का यह पैसे पांच करोड़ से भी ज्यादा हो सकते हैं। पुलिस को अंदेशा है कि, इस ठगी में पड़ोसी देशों के कुछ आरोपी भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों ने एक फर्जी वेबसाइट बना रखी थी। जिसका लिंक वे नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के पास भेजते थे। इस वेबसाइट पर अप्लाई करने वाले लोगों को हायर कर उन्हें फर्जी टास्क दिए जाते थे। कुछ दिनों बाद ये आरोपी पीड़ितों को एक वर्चुअल वॉलेट बनाकर उसमें रकम जमा करने को कहते। बाद में वो सभी पैसे ये आरोपी निकाल लेते।
एक युवती की शिकायत के बाद हुआ गैंग का पर्दाफाश
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक 20 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि, उन्हें एक इंटरनेशनल नंबर से फोन आया था। आरोपी ने खुद को ई-कॉमर्स कंपनी का एग्जीक्यूटिव बताया और नौकरी का झांसा दिया और धोखे से 3.15 लाख रुपये ठग लिए। इस शिकायत की जांच करते हुए पुलिस इन आरोपियों तक पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले एक आरोपी प्रदीप कुमार को पकड़ा। जिसके बाद इसके सहयोगी अमित केडिया, सचिन गुप्ता और रोहित जैन को गिरफ्तार किया। अमित और सचिन ने कहा कि, वो अशोक विहार में कॉल सेंटर चलाते हैं। यहां से पुलिस ने कई संदिग्ध समान बरामद किया है। आरोपियों ने बताया कि, इस गैंग का सरगना दुबई में रहता है। उसी ने इन आरोपियों को यहां पर ठगी का काम सौंपा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
