दिल्ली

Cold Wave Alert: घना कोहरा और शीतलहर के लिए दिल्लीवालों हो जाओ तैयार, नए साल पर कोल्‍ड डे का येलो अलर्ट जारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 30, 2022, 07:44 PM IST

Cold Wave Alert: दिल्ली के लिए शुक्रवार का दिन ठंड के लिहाज से राहत भरा रहा। बीते 15 दिन में शुक्रवार को पहली बार न्यूनतम तापमान दहाई अंक को पार कर गया। यहां पर न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज रहा। हालांकि मौसम विभाग ने इसे फौरी राहत बताते हुए 1 से 4 जनवरी तक कोल्‍ड डे का अलर्ट जारी किया है।

Image

धुंध के बीच इंडिया गेट पर घूमते लोग

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्‍ली में शुक्रवार को न्‍यूनतम तापमान रहा 10.7 डिग्री
  • नए साल के पहले दिन से रहेगी शीतलहर और घना कोहरा
  • राजधानी का तापमान जा सकता है 4 डिग्री के नीचे

Cold Wave Alert: दिल्ली में शुक्रवार को 15 दिन में पहली बार न्यूनतम तापमान दहाई अंक को पार कर गया। मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला के अनुसार, दिल्‍ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में हुई इस बढ़ोतरी से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन यह राहत फौरी तौर पर है, जो जल्‍द ही खत्‍म हो जाएगा। क्‍योंकि मौसम विभाग ने एक से चार जनवरी तक राजधानी दिल्‍ली और एनसीआर के क्षेत्रों में कोल्‍ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को जबरदस्‍त शीतलहर और घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा।

दिल्‍ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्‍यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले 15 दिनों में सबसे अधिक है। दिन में कुछ घंटे के लिए अच्‍छी धूप भी खिली रही, हालांकि पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण शाम होने से पहले आसामन में बादल छा गए। शुक्रवार को कोहरा कम होने से दृश्यता भी अच्छी रही। शनिवार को भी लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 21 और न्‍यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके बाद एक जनवरी से लोगों को फिर से शीतलहर और कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

1 से 4 जनवरी तक घने कोहरे का अलर्ट

आईएमडी द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार, दिल्‍ली-एनसीआर में एक से चार जनवरी तक शीतलहर और घना कोहरा छाया रहेगा। इस वजह से मौजूदा समय की तुलना में दिल्ली का अधिकतम और न्‍यूनतम तापमान में भारी गिरावट हो सकती है। न्‍यूनतम तापमान 4 डिग्री के नीचे जा सकता है। बता दें कि कोल्‍ड उसे कहा जाता है, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस से कम या इसके बराबर हो। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो। इसी तरह, आईएमडी के अनुसार, 'बहुत घना' कोहरा तब होता है जब दृश्यता 0 और 50 मीटर के बीच रहती है। वहीं शीतलहर तब घोषित की जाती है, जब न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। दिल्‍ली के लोगों को नए साल के साथ इनका सामना करना पड़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article