Delhi Suicide: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सीआईएसएफ के एक जवान ने अपने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार सुसाइड कर लिया। यह घटना मंगलवार शाम की है। गोली की आवाज सुनकर एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। घायल जवान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान जवान के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक जवान की पहचान राजस्थान के महेंद्र गढ़ के रहने वाले 35 वर्षीय जितेंद्र कुमार के तौर पर हुई है। वह सीआईएसएफ में बतौर सिपाही तैनात था। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद आज शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच कर जांच कर रहे हैं। हालांकि अभी तक सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के साथियों व परिजनों से पूछताछ में ही पता चल पाएगा कि जितेंद्र किस तरह के तनाव या दबाव से गुजर रहा था।
बाथरूम में जाकर मारी खुद को गोली
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सीआईएसएफ के जवान जितेंद्र कुमार की मंगलवार को टर्मिनल तीन पर सुरक्षा तैनाती थी। शाम करीब चार बजे वह हवाई अड्डा के बी2 बेसमेंट के पास बले बाथरूम में पहुंचा और अपनी सर्विस रिवाल्वर को कनपटी पर रखकर गोली मार ली। गोली की आवाज आते ही टर्मिनल में भगदड़ मच गई। सीआईएसएफ के दूसरे जवान जब बाथरूम पहुंचे तो वहां पर जितेंद्र लहूलुहान हालत में पड़े मिले। इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को देने के साथ अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की जांच भी की, लेकिन किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला। अब पुलिस जांच मृतक जवान के साथियों और परिवार के सदस्यों के पूछताछ पर टिकी है। हालांकि पुलिस अभी इस बारे में कोई भी जानकारी देने से बच रही है। पुलिस के अनुसार, यह मामला एयरपोर्ट के सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
