गाजियाबाद में भारी बारिश का अलर्ट
सोमवार को गाजियाबाद के कई हिस्सों में दोपहर बाद हवाओं के साथ तेज बारिश दर्ज की गई। ठंडी हवाओं और बारिश से शहर के तापमान में कमी आई। उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। सोमवार से गाजियाबाद का मौसम सुहावना बना हुआ है। इस बीच आईएमडी ने मंगलवार यानी 23 जुलाई को गाजियाबाद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के अनुसार, शहर में तेज हवाओं के साथ बदरा झूमकर बरसेंगे। शहर का मौसम बारिश के बाद कूल-कूल हो जाएगा। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पूरे सप्ताह गाजियाबाद में बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में आज बारिश होगी या उमस
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में बारिश का सिलसिला पूरे सप्ताह जारी रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली में 22 जुलाई से 24 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया था। 22 जुलाई को सावन की शुरुआत के साथ दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश जबकि कई हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार, 24 तक दिल्ली में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती है। 24 जुलाई के बाद 28 जुलाई तक प्रदेश में हल्की बारिश या बारिश की बौछार होने की संभावना है। इस बीच दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 रह सकता है। मौसमी गतिविधियों में बदलाव के अनुसार, समय-समय पर मौसम विभाग द्वारा अपडेट जारी किया जाएगा।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली के साथ एनसीआर के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हल्की बारिश की उम्मीद के बीच नोएडा में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहेगा। गाजियाबाद में न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 29 और 37 डिग्री रह सकता है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री रह सकता है। बारिश होने पर शहर के तापमान में कमी आने की भी उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
