Delhi Most Polluted City: साल 2022 में दिल्ली भारत का सर्वाधिक प्रदूषित शहर रहा और इस दौरान पीएम 2.5 की मात्रा सुरक्षित स्तर से दोगुना से ज्यादा रही। वहीं पीएम 10 लेवल मामले में भी दिल्ली का हाल बुरा रहा और तीसरा नंबर पर था। रिपोर्ट के अनुसार, पीएम 2.5 प्रदूषकों के स्तर के लिहाज से चार सबसे प्रदूषित शहर दिल्ली-एनसीआर में हैं। जबकि नौ सबसे अधिक प्रदूषित शहर सिंधु -गंगा के मैदानी क्षेत्र में आते हैं।
इन शहरों में सबसे ज्यादा प्रदूषण
सीपीसीबी के आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, पीएम 2.5 के स्तर के आधार पर सबसे प्रदूषित शहरों में दिल्ली (97.71 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर), फरीदाबाद (95.64 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर), गाजियाबाद (91.25 माइक्रोग्राम हैं।
वहीं पीएम 10 प्रदूषकों के मामले में गाजियाबाद (217.57 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर) पहले स्थान पर है। जबकि फरीदाबाद (215.39 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर) दूसरे और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (213.23 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर) तीसरे स्थान पर है।
एनसीएपी ट्रैकर की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में पीएम 2.5 का प्रदूषण पिछले पांच वर्षों में करीब सात प्रतिशत घटा है और 2019 के 108 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से घटकर यह 2022 में 99.71 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रह गया है। हालांकि इसके बावजूद यह अभी भी तय लक्ष्यों से काफी कम है। केन्द्र सरकार के ‘राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम’ के तहत 2024 तक पीएम 2.5 और पीएम 10 प्रदूषकों की मात्रा को 20 से 30 प्रतिशत तक कम करनी है।
131 शहर मानक पर खरे नहीं
केन्द्र सरकार ने 10 जनवरी, 2019 को ‘राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम’ शुरू किया था जिसका लक्ष्य 2017 को आधार वर्ष मानते हुए 2024 तक 102 शहरों में पीएम 2.5 और पीएम 10 प्रदूषकों की मात्रा को 20 से 30 प्रतिशत तक कम करना है। फिलहाल देश में 131 ऐसे शहर हैं जो राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता निगरानी कार्यक्रम के तहत 2011 से 15 तक राष्ट्रीय परिवेषी वायु गुणवत्ता मानदंड (एनएएक्यूएस) पर खरे नहीं उतरते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
