Delhi MCD Bypolls: दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव के लिए अधिसूचना सोमवार सुबह जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए 11 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां संबंधित वार्डों के प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र प्राप्त और जमा कर सकेंगे।
नामांकन पत्र जमा करने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। आयोग के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर तय की गई है। इसके बाद 12 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 15 नवंबर तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। मतदान 30 नवंबर को सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा, और मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने बताया कि सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करते समय ₹5,000 की जमानत राशि जमा करानी होगी।
आज से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो रही है। लेकिन अब तक राजनीतिक दल अपने प्रत्याशियों के नाम तय नहीं कर पाए हैं। इसकी मुख्य वजह यह है कि प्रत्येक वार्ड में आठ से दस दावेदार टिकट की उम्मीद लगाए हुए हैं। इन दावेदारों में वर्षों से पार्टी से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता और स्थानीय नेताओं के नजदीकी लोग दोनों शामिल हैं। इसी कारण पार्टियां किसी भी उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने से पहले उसकी जीत की संभावनाओं का गहराई से मूल्यांकन कर रही हैं।
नामांकन की अंतिम तिथि 10 नवंबर
दिल्ली नगर निगम उपचुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 10 नवंबर तय की गई है। इसे ध्यान में रखते हुए राजनीतिक दलों ने योजना बनाई है कि वे अपने प्रत्याशियों के नाम 8 से 9 नवंबर के बीच घोषित करेंगे। ऐसा करने का उद्देश्य टिकट वितरण के बाद संभावित नाराजगी और आंतरिक असंतोष को कम करना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक वार्ड में आठ से दस दावेदार टिकट की दौड़ में हैं। ऐसे में मंडल अध्यक्षों और स्थानीय इकाइयों के नेताओं से राय ली जाएगी। इसके बाद संबंधित वार्डों के पर्यवेक्षक इन सुझावों को पार्टी के प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। अंततः उम्मीदवारों के चयन पर अंतिम निर्णय प्रदेश अध्यक्ष और शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।
पांच सीटें महिला प्रत्याशियों के लिए
भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस तीनों ही दल दिल्ली नगर निगम के उपचुनाव में अपनी जीत को लेकर आत्मविश्वास जताए हुए हैं। सभी पार्टियां अपने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारने की तैयारी में हैं। भाजपा की ओर से सांसद भी चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। वर्तमान में कुछ सांसद बिहार चुनाव में प्रचार कर रहे हैं, लेकिन उनके लौटने के बाद वे दिल्ली के उपचुनाव अभियानों में शामिल होंगे। इस बार निगम के 12 वार्डों में से पांच सीटें महिला प्रत्याशियों के लिए, छह सामान्य वर्ग के लिए और एक सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित की गई है।
कितनी है मतदाताओं की संख्या
दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, जिन वार्डों में उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें सबसे अधिक मतदाता दिचाऊं कलां वार्ड में हैं, जहां कुल 72,396 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं, चांदनी चौक वार्ड में सबसे कम 44,166 मतदाता हैं। दिचाऊं कलां में सबसे ज्यादा 59 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि ग्रेटर कैलाश में सबसे कम 39 पोलिंग स्टेशन हैं। कुल मिलाकर 580 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस उपचुनाव में 3,74,988 पुरुष और 3,23,710 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
