Delhi Mayor Elections 2023: दिल्ली में नगर निगम को लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी खींचतान अब भी जारी है। इसी के मद्देनजर BJP ने दिल्ली नगर निगम (MCD) में पर्याप्त संख्याबल न होने के बावजूद महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव के लिए उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। संगठन ने महापौर पद के लिए शिखा राय और उपमहापौर पद के लिए सोनी पांडे के नाम पर मुहर लगाई है। वहीं, अगर बात करें आम आदमी पार्टी की तो उन्होंने मौजूदा महापौर शैली ओबेरॉय और उपमहापौर आले मोहम्मद इकबाल के नामों पर फिर एक बार भरोसा जताया है। गौरतलब है कि भाजपा ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नामांकन फाइल के अंतिम दिन किया है, हालांकि चुनाव 26 अप्रैल को होना है।
जब भाजपा नेता के दावे से मची उथल-पुथल
दिल्ली मेयर चुनाव के लिए भाजपा ने नामांकन के आखिरी दिन ही अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। महापौर पद की प्रत्याशी शिखा राय ग्रेटर कैलाश-1 वार्ड से पार्षद हैं, जबकि उपमहापौर पर की प्रत्याशी सोनी पांडे उत्तरपूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार वार्ड की जनप्रतिनिधि हैं। बता दें कि, प्रत्याशियों के नाम के ऐलान से पहले दिल्ली भाजपा के ही एक शीर्ष नेता ने दावा किया था कि चूंकि आम आदमी पार्टी के पक्ष में स्पष्ट जनादेश है, इसलिए पार्टी के महापौर व उपमहापौर पद का चुनाव लड़ने की संभावना नहीं है। इस दावे के बाद आम आदमी पार्टी के खेमे में उथल-पुथल सी मच गई थी, कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही बीजेपी ने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया।
दिल्ली ने हासिल की थी जीत
पिछले साल दिसंबर में आप ने नगर निगम चुनाव में प्रचंड जीत हासिल कर भाजपा से 15 पुरानी बादशाहत को छीन लिया था। 250 वार्डों के लिए हुए चुनाव में आप ने 134 वार्डों में जीत हासिल की थी तो वहीं भाजपा को 104 वार्ड जीतकर संतोष करना पड़ा था। हालांकि इसके बाद कई दोनों दलों के बीच बड़े सियासी विवाद को दिल्ली की जनता ने देखा। सदन में दोनों दलों के पार्षदों के बीच जमकर हाथापाई की तस्वीरें भी सामने आई थीं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
