दिल्ली सरकार जल्द ही एक नई शराब नीति लागू करने जा रही है, जिसे 30 जून तक तैयार कर लिया जाएगा। इस नीति का मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर क्वॉलिटी की शराब उपलब्ध कराना और बिक्री प्रक्रिया को पारदर्शी व ईमानदार बनाना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि यह नीति समाज के कमजोर व गरीब वर्गों की सेहत, सुरक्षा और शांति का पूरा ध्यान रखेगी।
अवैध शराब की बिक्री पर सख्त रोक लगाने के साथ-साथ, शराब की क्वॉलिटी की वैज्ञानिक जांच की जाएगी। डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से बिक्री को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा। इसके अलावा, लाइसेंस देने की प्रक्रिया साफ और निष्पक्ष होगी, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकी जा सके। जनता को शराब से होने वाले नुकसानों के बारे में जागरूक किया जाएगा, ताकि इसके उपयोग पर समाज में संतुलन बना रहे। यह नीति शराब से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर और जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।
दिल्ली सरकार की नई शराब नीति एक उच्चस्तरीय समिति के निर्देशन में तैयार की जा रही है, जिसका नेतृत्व मुख्य सचिव धर्मेंद कुमार कर रहे हैं। इस नीति के निर्माण में अन्य राज्यों की सफल शराब नीतियों का अध्ययन किया जा रहा है, ताकि दिल्ली में प्रभावी और लाभदायक नियम लागू किए जा सकें।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व सरकार की शराब नीति की तीखी आलोचना की। उनका कहना है कि पिछली नीति भ्रष्टाचार से ग्रस्त थी, जिससे कुछ कंपनियों को अनुचित लाभ हुआ और सरकार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। जांच के बाद उस नीति को रद्द करना पड़ा, और कुछ नेताओं को कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ा।
सरकार अब एक ऐसी शराब नीति लागू करना चाहती है, जो कानून के दायरे में रहे और सामाजिक हितों को ध्यान में रखे। यह सिर्फ कमाई करने का उपाय नहीं होगा, बल्कि समाज की सुरक्षा और नैतिकता को भी सुनिश्चित करने वाली नीति होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
