दिल्ली

दिल्ली कोचिंग हादसे में एमसीडी का पहला एक्शन, जूनियर इंजीनियर बर्खास्त; सहायक इंजीनियर निलंबित

Delhi News: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में कोचिंग सेंटर की घटना के बाद एमसीडी ने पहली कार्रवाई करते हुए जूनियर इंजीनियर (जेई) को बर्खास्त और सहायक इंजीनियर (एई) को निलंबित कर दिया है। कोचिंग हादसे में दिल्ली पुलिस अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। आपको सारा अपडेट बताते हैं।

Image

कोचिंग सेंटर हादसे पर MCD का एक्शन, जेई बर्खास्त और एई निलंबित।

Delhi Coaching Center Incident: दिल्ली के एक कोचिंग सेंटर की इमारत के 'बेसमेंट' में पानी भर जाने के कारण तीन सिविल सेवा अभ्यर्थियों की मौत के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक अधिकारी को बर्खास्त और एक अन्य अधिकारी को निलंबित कर दिया है। एमसीडी ने सोमवार को यहां ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में अतिक्रमण रोधी अभियान भी चलाया।

MCD का पहला एक्शन, जेई बर्खास्त; एई निलंबित

नगर निगम ने रविवार को इस इलाके में 13 अवैध कोचिंग सेंटर को सील कर दिया था। पुलिस ने ‘राव आईएएस स्टडी सर्किल’ को पहले ही सील कर दिया है, जिसके 'बेसमेंट' में पानी भर जाने के कारण शनिवार को तीन सिविल सेवा अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी। एमसीडी आयुक्त अश्वनी कुमार ने बताया कि कोचिंग सेंटर में अभ्यर्थियों की मौत के संबंध में एक जूनियर इंजीनियर को बर्खास्त कर दिया गया है और एक सहायक इंजीनियर को निलंबित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि दोनों अधिकारी करोल बाग जोन के रखरखाव विभाग में तैनात थे। एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि जूनियर इंजीनियर का अनुबंध 'तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाता है', जबकि सहायक इंजीनियर को 'निलंबन अवधि के दौरान गुजारा भत्ता दिया जाएगा।' सूत्रों ने बताया कि अधिकारियों का बर्खास्तगी और निलंबन आदेश जल्द ही जारी किया जाएगा।

बिल्डिंग के बेसमेंट में घुस गया बारिश का पानी

इस बीच, एमसीडी ने ओल्ड राजेंद्र नगर में बरसाती नालों पर बने अवैध ढांचों को हटाने के लिए इलाके में अतिक्रमण रोधी अभियान शुरू किया है। इस अतिक्रमण के कारण इलाके में जलभराव हो गया था। ‘राव आईएएस स्टडी सर्किल’ के पास कुछ बुलडोजर भी कार्रवाई करते हुए देखे गए। एमसीडी आयुक्त ने पहले बताया था कि इलाके में अतिक्रमणकर्ताओं ने बरसाती नालों को ढक दिया था और इससे जलभराव हुआ तथा बारिश का पानी कोचिंग सेंटर की इमारत के 'बेसमेंट' में घुस गया।

अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय अभ्यर्थियों की मौत को लेकर दोपहर में एमसीडी अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक करेंगी। निलंबित हुए असिस्टेंट इंजीनियर का नाम विश्राम मीणा और बर्खास्त जूनियर इंजीनियर का नाम विष्णु मित्तल है। इस हादसे में एमसीडी की यह पहली कार्रवाई है। दिल्ली पुलिस कोचिंग हादसे में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

इन 13 कोचिंग सेंटर्स को कर दिया सील

  1. आईएएस गुरुकुल
  2. चहल अकादमी
  3. प्लूटस अकादमी
  4. साई ट्रेडिंग
  5. आईएएस सेतु
  6. टॉपर की अकादमी
  7. दैनिक संवाद
  8. सिविल्स डेली आईएएस
  9. करियर पावर
  10. 99 नोट्स
  11. विद्या गुरु
  12. गाइडेंस आईएएस
  13. इजी फॉर आईएएस

27 जुलाई (शनिवार) को ओल्ड राजेंद्र नगर के राऊ आईएएस कोचिंग के बेसमेंट में पानी भर जाने कारण 3 स्टूडेंट की जान चली गई थी। जिनकी पहचान तानिया सोनी, श्रेया यादव और नवीन डेल्विन के रूप में हुई। इसी के बाद से छात्रों का प्रदर्शन जारी है। भाजपा और आम आदमी पार्टी एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article