दिल्ली

Delhi: डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसा युवक, पुलवामा हमले से जुड़ा बताकर लूटे लाखों; जांच जारी

दिल्ली के करोल बाग में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने एटीएस प्रमुख बनकर एक युवक से 10 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने उसे पुलवामा हमले से जुड़ा बताकर धमकाया और “डिजिटल अरेस्ट” की तरकीब से फंसाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Image

दिल्ली में साइबर फ्रॉड (प्रतीकात्मक फोटो: कैनवा)

Delhi News: दिल्ली के करोल बाग इलाके में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 32 वर्षीय युवक को जालसाजों ने एटीएस प्रमुख बनकर फोन किया और उससे 10 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने पीड़ित पर 2019 के पुलवामा आतंकी हमले में शामिल होने का झूठा आरोप लगाया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 13 अगस्त को उसे कई अज्ञात नंबरों से कॉल प्राप्त हुए। कॉल करने वालों ने दावा किया कि उसके नाम से जम्मू-कश्मीर में एक बैंक खाता खोला गया है, जिसमें 50 लाख रुपये जमा हैं और उस खाते का उपयोग आतंकी गतिविधियों में किया गया है। ठगों ने उसे धमकी दी कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और इसमें प्रभावशाली लोग जुड़े हैं, इसलिए किसी को भी इसकी जानकारी न दे।

इस तरह बनाया युवक को शिकार

कॉल के दौरान ठगों ने पीड़ित युवक को मोबाइल का कैमरा चालू करने, खुद को एक कमरे में बंद रखने और परिवार से संपर्क न करने के लिए कहा। इस बीच, उन्होंने उसकी बैंकिंग डिटेल्स हासिल कर लीं। इसके बाद पीड़ित को एक अन्य व्यक्ति से जोड़ा गया, जिसने खुद को एटीएस प्रमुख बताया। फर्जी अधिकारी ने युवक से कहा कि उसे पूछताछ के लिए लखनऊ स्थित एटीएस मुख्यालय पहुंचना होगा। जब पीड़ित ने मना किया, तो आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि अगर वह कानूनी प्रक्रिया को वैध रूप देना चाहता है, तो उसे कुछ रकम आरबीआई द्वारा अधिकृत खाते में जमा करनी होगी। गिरफ्तारी के डर से युवक ने 8.9 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से और 77 हजार रुपये एक ऑनलाइन पेमेंट ऐप से ट्रांसफर कर दिए।

डिजिटल अरेस्ट की चाल से रची साजिश

बाद में जालसाजों ने पीड़ित को एक नकली बेल एप्लिकेशन भेजी और उसकी रिहाई के नाम पर 4 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। जब युवक ने और पैसे देने से इंकार कर दिया, तो ठगों ने उससे संपर्क तोड़ लिया और अपने सभी फोन नंबर बंद कर दिए। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान व लोकेशन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ठगों ने “डिजिटल अरेस्ट” जैसी चाल का इस्तेमाल कर यह ठगी की। गौरतलब है कि इससे पहले भी दक्षिणी दिल्ली में 78 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी के साथ इसी तरह की ठगी हुई थी, जिसमें आरोपियों ने उसे पुलवामा हमले की फंडिंग से जोड़कर 23 करोड़ रुपये हड़प लिए थे।

(इनपुट - आईएएनएस)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article