Cold Wave in Delhi-NCR, Weather in India Latest Updates in Hindi: देश के उत्तरी और उत्तर-पश्चिम इलाके में रविवार को शीतलहर का कहर जारी रहा, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। गुरुवार से शुरू होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ राहत मिलने के आसार हैं, लेकिन उससे पहले सर्दी और बढ़ेगी। उत्तर-पश्चिम भारत में राजस्थान के सीकर जिले का फतेहपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रविवार को शीतलहर चलने से सर्दी बहुत ज्यादा बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापतान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, थार के रेगिस्तान के पास स्थित चुरू जिले में इस मौसम का सबसे कम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केन्द्र सफदरजंग वेधशाला के अनुसार, तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राष्ट्रीय राजधानी के जफरपुर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि लोधी रोड में 3.8, आयानगर में तीन और रिज क्षेत्र में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध ‘उज्वा स्वचालित मौसम केन्द्र (एडब्ल्यूएस)’ के आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एडब्ल्यूएस ‘‘काम नहीं कर रहा है।’’ मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में पांच से नौ जनवरी के बीच कड़ाके की ठंड पड़ी है और पिछले एक दशक में यह दूसरा सबसे ठंडा सप्ताह रहा है। इस दौरान शहर 50 घंटों तक कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जो 2019 के बाद का सबसे लंबा समय है।
मौसम विभाग के अनुसार, 17-18 जनवरी को भारत के उत्तरी-पश्चिमी और मध्य इलाके में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में इस दौरान शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, ‘‘हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में 16 से 18 जनवरी के बीच बर्फ जमने की आशंका है।’’ वैसे, इस बीच, मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 19 जनवरी से पश्चिमोत्तर भारत में शीत लहर समाप्त हो जाएगी।
झारखंड में ठंड कर सकती है कमबैक!
झारखंड में फिर कड़ाके की ठंड दस्तक दे सकती है। मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक उत्तर से आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगले 24 घंटों में रांची में रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया, ”पश्चिमी विक्षोभ ने पिछले कुछ दिनों से झारखंड में सर्द हवा के प्रवाह को रोक दिया था। चूंकि विक्षोभ खत्म हो गया है, इसलिए उत्तर से चलने वाली उत्तर-पश्चिमी हवा रविवार रात से राज्य में ठंडक वापस लाएगी।” उन्होंने कहा कि झारखंड में 19 जनवरी से तापमान बढ़ने की संभावना है, क्योंकि 18 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।पंजाब-हरियाणा में प्रचंड ठंड, यहां तापमान 0 से एक डिग्री नीचे
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में रविवार को भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। फरीदकोट इस क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग की ओर से जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पंजाब के अन्य स्थानों में, अमृतसर कड़ाके की ठंड की चपेट में है और वहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, बठिंडा और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9, 4.2, 8, एक और 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। सफदरजंग वेधशाला में तापमान जहां 1.4 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं पालम क्षेत्र के आसपास न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने 18 जनवरी तक उत्तर-पश्चिम भारत में घने कोहरे और शीत लहर की स्थिति की संभावना जताई है। आईएमडी ने इसके साथ ही अगले पांच दिनों के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में रात और सुबह के घंटों के दौरान घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है। (पीटीआई, भाषा और आईएएनएस इनपुट्स के साथ)देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
