दिल्ली

VIDEO: जज्बा हो तो शंभु दयाल जैसा! झपटमार करता रहा चाकू से वार, ASI ने न मानी हार; गंवाई जान तो देश कर रहा सलाम

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jan 11, 2023, 03:48 PM IST

दिल्ली पुलिस की पीआरओ सुमन नालवा के मुताबिक, "आरोपी (अनीष) बहुत हिंसक हो गया। वह वर्दीधारी अफसर को चाकुओं से गोदने लगा था...यह जानते हुए कि वह ऐसा करेगा तो वह उनकी हत्या का प्रयास कर सकता है। ऐसे में हमने संबंधित सेक्शंस के तहत केस दर्ज कर लिया है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उसे अधिक से अधिक सजा मिले।"

Image

दयाल ने मोबाइल झपटमार को मायापुरी इलाके में पकड़ा था, जहां पर यह पूरी घटना हुई।

Photo : Twitter

शंभु दयाल...दिल्ली में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को आज पूरी दिल्ली ही नहीं बल्कि वो हर शख्स सलाम कर रहा है, जो उनकी कहानी जान रहा है। वजह- उनकी बहादुरी और पीछे न हटने वाला जज्बा है। इस बात का अंदाजा उस वीडियो से मिल गया, जिसमें वह झपटमार के बार-बार चाकुओं के वार होने के बाद भी हार न मानते दिखे। हालांकि, इस दौरान एक कचोटने वाली चीज जरूर नजर आई कि मौके पर काफी सारे लोग थे, मगर वे उस दौरान तमाशबीन बने रहे।

पुलिस के मुताबिक, चार दिनों तक अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद दयाल ने रविवार को सुबह दम तोड़ दिया था। पुलिस को दयाल से जुड़ी कुछ सीसीटीवी फुटेज मिली थी, जिसमें मोबाइल फोन चुराने के आरोप में धरा गया युवक उन पर बार-बार चाकू से हमला कर रहा था। हैरत की बात है कि पश्चिम दिल्ली के मायापुरी इलाके में जब यह पूरी घटना हुई थी, तब वहां बच्चों के साथ कई लोग मौजूद थे, जो तमाशबीन बने थे। यह चीज घटना से जुड़े वायरल वीडियो में स्पष्ट नजर आई।

डंडे से दयाल ने की थी झपटमार की पिटाई

हालांकि, एक महिला और कुछ बच्चों ने पास आकर एएसआई को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें चाकू दिखाया और वे पीछे हट गए। शुरुआत में दयाल को आरोपी के साथ चलते देखा गया। फिर जैसे ही पुलिसकर्मी पीछे मुड़ा, उस आरोपी ने अपनी कमीज के नीचे से चाकू निकाल कर उस पर हमला कर दिया। एएसआई ने तुरंत उसे पकड़ लिया और डंडे से पीटना शुरू कर दिया।

घायल होने के बाद भी एएसआई ने यूं किया अपना बचाव

सीसीटीवी फुटेज में नजर आया कि इस दौरान वह सड़क पर गिरे और उठे भी। पर आरोपी फिर से उन्हें चाकू और मुक्के मारने लगा। हाथापाई के दौरान घायल पुलिसकर्मी अपना बचाव करने की कोशिश करता है लेकिन आरोपी उसे घूंसा मारता रहा। आरोपी इसके बाद सड़क पर गिरता है और दुम दबाकर भाग गया। मायापुरी पुलिस थाने के एक कर्मचारी को भी आरोपी का पीछा करते और उसे पकड़ते देखा गया था।

फोन चोरी की शिकायत पर आरोपी को दबोचने पहुंचे थे दयाल

मायापुरी फेज वन की झुग्गी निवासी महिला ने पिछले बुधवार को शिकायत की थी कि एक व्यक्ति ने उसके पति का मोबाइल फोन छीन लिया और उन्हें धमकी भी दी। पुलिस ने कहा कि एएसआई दयाल उस इलाके में पहुंचे जहां शिकायतकर्ता ने आरोपी की पहचान की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनीष पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि थाने जाते समय अनीश ने अपनी कमीज के नीचे से चाकू निकाला और दयाल की गर्दन, छाती, पेट और पीठ पर वार कर दिया।

पीड़ित परिवार को देंगे एक करोड़ की अनुग्रह राशि- CM का ऐलान

इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दयाल के परिजन को एक करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया। केजरीवाल ने ट्वीट किया, “जनता की रक्षा करते हुए एएसआई ने अपनी जान तक की परवाह नहीं की। वह शहीद हो गए। हमें उन पर गर्व है। उनकी जान की कोई कीमत नहीं, पर उनके सम्मान में हम उनके परिवार को एक करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि देंगे।”

नोटः घटना का वीडियो आपको विचलित कर सकता है, लिहाज इसे अपने विवेक के आधार पर देखें:

जिस झपटमार को एएसआई ने था दबोचा, उसी ने चाकुओं से गोदा

दरअसल, दयाल की मायापुरी इलाके में एक झपटमार ने कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। दयाल ने चार जनवरी को उसे पकड़ा था। घटना में गंभीर रूप से घायल दयाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। सोशल मीडिया पर वायरल घटना के एक वीडियो में झपटमार की ओर से चाकू मारे जाने के बावजूद एएसआई शंभु दयाल को उस पर काबू पाने की कोशिश करते देखा जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article