Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय राजधानी में सेवाओं पर नियंत्रण से जुड़े अध्यादेश को लेकर बुलाई रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई कार्यकर्ता व समर्थक भी शामिल हुए।
बता दें, चिलचिलाती गर्मी में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) अध्यादेश 2023 के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में रविवार को हुई महा रैली में हजारों लोग पहुंचे थे।
भाजपा वाले भी कह रहे, यह सही नहीं किया
केजरीवाल ने ट्वीट किया, अध्यादेश के खिलाफ कल राम लीला मैदान की रैली में भाजपा के भी कई लोग आए। भाजपा वाले भी कह रहे हैं - (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी ने यह अध्यादेश लाकर सही नहीं किया।
19 मई को जारी किया गया था अध्यादेश
केंद्र ने 19 मई को दिल्ली में ग्रुप-ए के अधिकारियों के तबादले और पदस्थापना पर एक प्राधिकरण बनाने के लिए अध्यादेश जारी किया था, जिसे आप नीत सरकार ने सेवाओं के नियंत्रण पर न्यायालय के फैसले के साथ धोखा बताया था। शीर्ष अदालत के 11 मई के फैसले से पहले दिल्ली सरकार में सभी अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापना मामले उपराज्यपाल के कार्यकारी नियंत्रण में थे। अध्यादेश के बाद, केजरीवाल गैर-भाजपा दलों के नेताओं से संपर्क कर अध्यादेश के खिलाफ समर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि संसद में इस बारे में केंद्र का विधेयक नाकाम हो जाए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
