Delhi News: दिल्ली में उम्र पूरी कर चुके वाहनों को हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। भाजपा सरकार के इस फैसले पर सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इस कार्रवाई को दिल्लीवासियों के खिलाफ तुगलकी फरमान करार देते हुए बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने इस फैसले के पीछे वाहन निर्माता कंपनियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि पिछले पांच सालों में वाहन निर्माता कंपनियों से उसे कितना चंदा मिला है और जनता के सामने इसका खुलासा करने की मांग भी की।
भाजपा को दिल्लीवासियों की चिंता नहीं: आतिशी
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आरोप लगाया कि भाजपा को दिल्ली के लोगों की चिंता नहीं है। वह सिर्फ वाहन निर्माता कंपनियों के फायदे के लिए काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार का यह कदम न केवल आम लोगों की परेशानियों को बढ़ाएगा, बल्कि इससे लाखों परिवारों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ेगा।
कंपनियों को फायदा पहुंचाना चाहती है भाजपा: AAP
आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने भी इस मुद्दे पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को सरकार चलाने का कोई अनुभव नहीं है, दिल्ली के लोगों को सिर्फ 5 महीनों में ही यह बात समझ आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तुगलकी फरमान के पीछे भाजपा का असली मकसद वाहन निर्माता कंपनियों को फायदा पहुंचाना है, जिससे 62 लाख पुराने वाहनों को हटाकर नई गाड़ियों की बिक्री को बढ़ावा दिया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
