दिल्ली

दिल्ली में कूल-कूल हुआ मौसम, आज भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

आज का मौसम दिल्ली, 11 August 2024 Delhi mein Aaj ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में आज भी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आज यहां मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर ऐसे ही जारी रहने वाला है।

Image

दिल्ली में आज मौसम का हाल

KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली में लगातार चार दिन से हो रही बारिश
  • बारिश के चलते उमस से मिली राहत
  • कई जगह जलभराव और पेड़ गिरने की शिकायतें

Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में बीते चार दिनों से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। जिसके चलते उमस से भी बड़ी राहत मिली है। साथ ही मौसम भी कूल-कूल हो गया है। शनिवार को दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। जिससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिली। साथ ही यातायात भी प्रभावित रहा। आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। जिससे तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली में मौसम का हाल कैसा रहेगा?

पूरे हफ्ते झमाझम होगी बारिश

दिल्ली में रविवार को आसमान में बादलों से लदा रहेगा। साथ ही गरज के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। आज राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 12 और 13 अगस्त को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बारिश होने के आसार बन रहे हैं। वहीं 14 अगस्त को फिर से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। 15 और 16 अगस्त को बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।

बारिश से जगह-जगह जलभराव

आईएमडी के अनुसार लोधी रोड वेधशाला में शुक्रवार रात 11.30 बजे से शनिवार देर रात 2.30 बजे तक 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान रिज में 5.8 मिमी और आयानगर में 1.6 मिमी बारिश हुई। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के चलते शनिवार को राजधानी में जलभराव की 20 शिकायतें मिली। वहीं पांच जगहों पर पेड़ उखड़ने की भी शिकायत मिली। इसके अलावा कई जगहों पर यातायात भी बाधित रहा।।

इन रास्तों पर रहा यातायात प्रभावित

बारिश के चलते दिल्ली को हरियाणा से जोड़ने वाले हाईवे रोहतक रोड पर भारी जाम लग गया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि 'नांगलोई से टीकरी बॉर्डर की ओर जाने वाले रोहतक रोड पर गड्ढों और जलभराव के कारण यातायात प्रभावित है। कृपया मुंडका से जाने से बचें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। इसके अलावा फतेह सिंह मार्ग, ओल्ड ककरोला रोड, श्याम विहार चौक के पास नजफगढ़ और नजफगढ़-नांगलोई रोड पर भी बारिश के कारण गड्ढों और पानी जमा होने से यातायात प्रभावित रहा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article