Delhi: दिल्ली में एक महिला उबर ड्राइवर पर हमला कर लूटपाट का बड़ा मामला सामने आया है। इस जानलेवा हमले में महिला ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, दो बदमाशों ने पहले पीड़िता के कार पर पथराव किया, जब कार रूक गई तो लूटपाट शुरू कर दी। महिला ड्राइवर ने जब इस लूटपाट को रोकने के लिए विरोध किया तो बदमाशों ने बियर की बोतल तोड़ उससे पीड़िता के छाती और गर्दन पर वार करना शुरू कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। लूटपाट की यह घटना दिल्ली के बीचो-बीच कश्मीरी गेट के अंतरराज्यीय बस टर्मिनस के पास देर रात की है।
हमला कर बदमाश कर लेकर हुए फरार
पीड़िता ने बताया कि, कार रूकते ही बदमाशों ने उसके साथ लूटपाट शुरू कर दी। बदमाश उसका पर्स और मोबाइल छीन लिया। महिला ड्राइवर ने जब हिम्मत दिखा कर बदमाशों से अपना मोबाइल वापस छीन लिया तो बदमाशों ने उस पर बोतल से हमला कर दिया और उसकी कार लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि, घटना के बाद उसने उबर के इमरजेंसी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मदद नहीं मिली। इसके बाद महिला ने लोगों से मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी गाड़ी रोक कर उनकी मदद नहीं की। जिसके बाद उसने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई। पुलिस इस मामले में आईपीसी की धारा 393 के तहत मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
