Greater Kailash Fire: नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश -2 क्षेत्र में रविवार तड़के एक सीनियर सिटीजन केयर होम में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, आग बुझने तक दोनों पीड़ितों की मौत हो चुकी थी और छह लोगों को ई ब्लॉक इमारत से सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब सवा पांच बजे मिली और आग बुझाने के लिए दमकल की चार गाड़ियों को तुरंत तैनात किया गया।
अधिकतर वरिष्ठ नागरिक
अधिकारियों ने कहा कि दमकल विभाग और पुलिस की एक-एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग पर सुबह करीब सात बजे पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।दक्षिण दिल्ली की पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि इस घटना में 2 महिलाओं की मौत हुई है जबकि 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है जिसमें से एक की हालत गंभीर है। गंभीर हालत में उन्हें मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जितने लोगों को बचाया गया है उनमें वरिष्ठ नागरिक हैं और उनके अटेंडेंट भी हैं।
पांच बजे मिली आग लगने की सूचना
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें ‘अंतरा केयर फॉर सीनियर्स’ नामक वृद्धाश्रम में आग लगने की सूचना सुबह पांच बजकर 14 मिनट पर मिली। अग्निशमन विभाग ने कहा कि दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग पर सुबह 6.50 बजे तक काबू पा लिया गया। आग बुझाने के अभियान में सहयोग देने वाली पुलिस ने बताया कि आग इमारत की तीसरी मंजिल पर लगी थी। चौधरी ने कहा कि आग लगने की वजह फिलहाल पता नहीं लग सकी है और घटना की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
