Delhi AQI Update: राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह धुंधली आसमान और जहरीली हवा के साथ हुई। पूरे शहर की वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में हालात 'गंभीर' स्तर तक पहुंच गए। हवा में बढ़ते प्रदूषण और कोहरे के कारण लोगों को सुबह के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली में आज भी हालात 'गंभीर' (फाइल फोटो | PTI)
चार इलाकों में AQI गंभीर स्तर पर
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक सुबह सात बजे के आसपास दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 366 दर्ज किया गया। प्रदूषण के लिहाज से सबसे खराब स्थिति नरेला में रही, जहां AQI 418 तक पहुंच गया। इसके बाद बवाना, वजीरपुर और आनंद विहार में भी AQI 400 के पार रिकॉर्ड किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है।
रविवार को भी ‘बहुत खराब’ रही हवा
इससे पहले रविवार की सुबह भी दिल्ली की हवा राहत नहीं दे सकी थी। उस दिन भी राजधानी का औसत AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा और प्रदूषण का स्तर लगातार ऊंचा बना रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि स्थिर मौसम और कम हवा की रफ्तार के कारण प्रदूषक वातावरण में ही फंसे हुए हैं।
AQI का क्या मतलब है
प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुसार AQI 0 से 50 के बीच होने पर हवा अच्छी मानी जाती है, जबकि 301 से 400 के बीच इसे बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। मौजूदा हालात में दिल्ली के कई इलाके गंभीर श्रेणी के करीब या उसमें पहुंच चुके हैं।
कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार तड़के शहर के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम कोहरे और कुछ स्थानों पर घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार मंगलवार से गुरुवार तक भी हल्का से मध्यम कोहरा बने रहने की संभावना है, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी
हालांकि ठंड के मोर्चे पर रविवार को थोड़ी राहत देखने को मिली। धूप निकलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। सोमवार को दिन का तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान भी बढ़कर करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। कोहरा और प्रदूषण दोनों ही दिल्लीवासियों की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
