ग्रैप-3 की बेड़ियों में फिर बंधा दिल्ली NCR, कई इलाकों में AQI 400 पार, सख्त पाबंदियां लागू
- Authored by: Nilesh Dwivedi
- Updated Dec 13, 2025, 01:22 PM IST
दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रैप के तीसरे चरण के कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। इसके तहत कक्षा पांच तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने के साथ निर्माण और तोड़-फोड़ गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। शनिवार सुबह कई इलाकों में AQI गंभीर श्रेणी में पहुंचने के बाद यह फैसला लिया गया।
दिल्ली में फिर से GRAP 3 लागू (फोटो: ANI)
Delhi NCR GRAP-3: वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए शनिवार से ‘ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान’ (GRAP) के तीसरे चरण के तहत कड़े नियम लागू कर दिए हैं। इसके तहत कक्षा पांच तक के छात्रों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि निर्माण और तोड़-फोड़ से जुड़े सभी कार्यों पर रोक लगा दी गई है। आयोग के अनुसार, मौसम की प्रतिकूल स्थिति के कारण प्रदूषण स्तर में तेज वृद्धि होने पर यह निर्णय लिया गया है।
इन चीजों पर लगा पूर्ण प्रतिबंध
बयान के अनुसार, ये कदम एनसीआर में पहले से लागू ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के उपायों के अतिरिक्त हैं। ग्रैप के तीसरे चरण के अंतर्गत गैर-आवश्यक निर्माण और तोड़-फोड़ गतिविधियों के साथ-साथ पत्थर क्रशिंग और खनन कार्यों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में बीएस-3 मानक वाले पेट्रोल चालित तथा बीएस-4 मानक वाले डीजल चालित चार पहिया वाहनों के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है।
5वीं तक के छात्रों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में
इन प्रावधानों के तहत दिल्ली में डीजल से चलने वाले पुराने मालवाहक वाहनों के संचालन पर भी रोक लगाई गई है। वहीं, कक्षा पांच तक के छात्रों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड यानी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कराई जाएगी। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में कार्यालयों को 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ काम करने की अनुमति दी गई है। सर्दियों के मौसम में दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति के आधार पर ग्रैप के तहत प्रतिबंध चार चरणों में लागू किए जाते हैं। जब एक्यूआई 201 से 300 के दायरे में होता है, तब पहले चरण के उपाय लागू होते हैं। एक्यूआई 301 से 400 के बीच रहने पर दूसरे चरण, 401 से 450 के स्तर पर पहुंचने पर तीसरे चरण और एक्यूआई के 450 से ऊपर जाने पर चौथे चरण के कड़े प्रतिबंध प्रभावी किए जाते हैं।
कैसा रहा AQI का हाल?
गौरतलब है कि, आज शनिवार सुबह दिल्ली में घना कोहरा छाया दिखा और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 397 तक पहुंचकर गंभीर स्तर के करीब हो गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, राजधानी के कुल निगरानी स्टेशनों में से 21 स्टेशनों पर AQI 400 से अधिक दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। CPCB के आंकड़ों के मुताबिक वजीरपुर में AQI सबसे अधिक 445, विवेक विहार में 444, जहांगीरपुरी में 442, आनंद विहार में 439 और अशोक विहार व रोहिणी दोनों में 437 दर्ज किया गया। इसके अलावा, नरेला में 432, पटपड़गंज में 431, मुंडका में 430 और बवाना, ITO तथा नेहरू नगर में 429 रिकॉर्ड किया गया। चांदनी चौक और पंजाबी बाग में AQI 423, जबकि सिरी फोर्ट और सोनिया विहार में 424 रहा। बुराड़ी क्रॉसिंग में 414, कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 409, नॉर्थ कैंपस और RK पुरम में 408 तथा ओखला फेज-2 में 404 AQI दर्ज किया गया।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।