Delhi-Mumbai Expressway: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का अहम हिस्सा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। डीएनडी जंक्शन से मीठापुर तक बनने वाला एक्सप्रेसवे का 9 किलोमीटर का सेक्शन अगले साल जून तक चालू हो जाएगा। दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि जून 2026 तक इस हिस्से को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से दिल्ली-एनसीआर के लोगों का आवागमन आसान होगा। साथ ही ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा। जिससे प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
बिधूड़ी ने संसद सत्र में पूछा था सवाल
बीजेपी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने शनिवार को बताया कि उन्होंने संसद सत्र के दौरान इस अहम प्रोजेक्ट की प्रगति को लेकर सवाल उठाया था। इसके जवाब में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि डीएनडी जंक्शन से जैतपुर तक 9 किलोमीटर लंबे इस हिस्से का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। इसका करीब 94.23 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
प्रोजेक्ट में क्यों हुई देरी
यह प्रोजेक्ट पहले इसी साल पूरा होना था। लेकिन आगरा नहर पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य में देरी के कारण इसे तय समय पर पूरा नहीं किया जा सका। अब इस परियोजना को जून 2026 तक पूरा करके चालू करने की संभावना है। इसके शुरू होने से दिल्ली से फरीदाबाद और उससे आगे जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कौन से हिस्से खुले
बीजेपी सांसद ने यह भी बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का मीठापुर से फरीदाबाद सेक्टर-65 तक करीब 24 किलोमीटर का हिस्सा पहले ही शुरू हो चुका है। सेक्टर-65 से सोहना तक का 26 किलोमीटर लंबा हिस्सा भी आम जनता के लिए चालू किया जा चुका है। इन दोनों हिस्सों के खुलने से दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से फरीदाबाद व पलवल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों का काफी राहत मिली है।
