दिल्ली में आज का मौसम (25 May 2026): दिल्ली-एनसीआर में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। जहां दिन में तो सूरज आग उगल ही रहा है, लेकिन रात में भी गर्म हवाओं के थपेड़े और तपिश से राहत नहीं मिल रही है। इस भीषण गर्मी के बीच मौसम जल्द ही करवट बदलने वाला है और बारिश की एंट्री होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 28 से 30 मई के बीच राजधानी में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि आज भी छिटुपट बारिश की संभावना जताई गई है। लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
दिल्ली में अगले 3 दिन लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज धूप निकलेगी और बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है। शाम को तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। राजधानी में अगले 3 दिनों तक हीटेवव की स्थिति बनी रहेगी। जिसे देखते हुए IMD ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। जिसके बाद 28 मई से बारिश के आसार हैं। जिससे तापमान में लगभग 6-7 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है।
दिल्ली में जल्द मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली में रविवार को दिनभर तेज गर्मी रही और गर्म हवाएं चलती रहीं। साथ ही रात के समय भी लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का एहसास हुआ। इस दौरान अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा था। वहीं न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी में बीते कई दिनों से तापमान 44-45 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। लेकिन बारिश के बाद 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।
वॉर्म नाइट का 14 साल का रिकॉर्ड टूटा
दिल्ली में रविवार को मई के महीने में पिछले 14 वर्षों में सबसे गर्म रात दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार तड़के दिल्ली का न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन के सामान्य तापमान से 5.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इससे पहले, मई के महीने में इससे ज्यादा न्यूनतम तापमान 26 मई 2012 को दर्ज किया गया था, जब पारा 32.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
