यूपी में आज का मौसम (25 May 2026): उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ भीषण गर्मी और लू के थपेड़े लोग झेल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर आंधी-बारिश के आसार बन रहे हैं। इस बीच नौतपा भी आज से शुरू हो गया है, यानी वो 9 दिन जिसमें सबसे अधिक गर्मी पड़ती है। ऐसे में लू के चलते हालात और बिगड़ सकते हैं। इस दौरान अधिकांश जिलों का तापमान 45 डिग्री के पार दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, वहीं कुछ जगहों पर बारिश की भी चेतावनी दी गई है।
यूपी में 25 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में अधिकांश जगहों पर मौसम साफ रहेगा। लेकिन तराई और पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। सोमवार को प्रयागराज, वाराणसी समेत 10 जिलों में लू का रेड अलर्ट है, वहीं 22 जिलों में ऑरेंज और 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गोरखपुर, देवरिया समेत 14 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
यूपी में आज किन जिलों में लू का अलर्ट
रेड अलर्ट - प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रवि दास नगर।
ऑरेंज अलर्ट - आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, एटा, औरैया, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, सुल्तानपुर, मथुरा और हाथरस।
येलो अलर्ट - गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, अलीगढ़ और कासगंज।
यूपी के 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, श्रावस्ती और अंबेडकर नगर।
यूपी में क्यों हो रही बारिश
पिछले कुछ दिनों से यूपी में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। अधिक तापमान के चलते सतह और ऊपरी वायुमंडल के बीच बड़ा अंतर बन गया है, जिससे आंधी और बारिश जैसे हालात बन रहे हैं। वहीं पूर्वी यूपी से लेकर छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ लाइन भी सक्रिय है, जिसके कारण कुछ इलाकों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि इससे गर्मी से राहत के आसार नहीं है, , क्योंकि तापमान में किसी बड़े गिरावट के संकेत नहीं हैं और प्रदेश में लू का प्रभाव भी जारी रहने की संभावना है।
नौतपा क्या है? (What is Nautapa)
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नौतपा आज यानी 25 मई से शुरू हो गया है, जो 3 जून तक चलेगा। इस दौरान अगले 9 दिन अत्यधिक गर्म रहने की संभावना है। नौतपा में दिन बड़े होते हैं और सूर्य की किरणें सीधे उत्तर भारत पर पड़ती हैं। इस दौरान राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाएं गर्मी को और बढ़ा देंगी। मौसम विभाग ने बताया कि 26 मई को मंडल के उत्तरी हिस्से में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा 29 और 30 मई को भी बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
यूपी का सबसे गर्म जिला
यूपी में रविवार को बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में भीषण गर्मी का कहर जारी रहा। इस दौरान बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जिसका तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज, झांसी, आगरा और उरई में भी 45 डिग्री से अधिक दिन का पारा दर्ज हुआ। जिससे लोगों को दिनभर भीषण गर्मी और लू ने परेशान किया। दिन के साथ ही रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। रात में भी गर्म हवाएं चलने से तपिश का एहसास बना रहा। फिलहाल यूपी में आगामी 3-4 दिनों तक लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
