शहर

Delhi Rain: दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक से बदले तेवर, तेज हवाओं ने कम की तपिश, IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट

Delhi Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लगभग सभी इलाकों के लिए आंधी-तूफान और बारिश का तात्कालिक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जानते हैं कैसा रहेगा मौसम का हाल।

Image

दिल्ली में आज बारिश की संभावना

Photo : Times Now Digital

Delhi Weather 23 May: दिल्ली-NCR में आज सुबह मौसम का एक बेहद चौंकाने वाला रूप देखने को मिला। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार सुबह दिल्ली के लगभग सभी इलाकों के लिए आंधी, तूफान और अचानक होने वाली तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। यह एक तात्कालिक (Nowcast) चेतावनी है, जो सुबह 11:00 बजे तक के लिए प्रभावी की गई है। इस बीच, उत्तरी दिल्ली के कई हिस्सों में घने बादल छाने के साथ ही धूल भरी आंधी चली और तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में बूंदाबादी की शुरुआत हो गई है।

delhi rain alert imd

दिल्ली के सभी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट (IMD)

मौसम विभाग की ओर से जारी की गई तात्कालिक चेतावनी के मुताबिक आज, सुबह 8:00 बजे से लेकर 11:00 बजे तक नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम धूल भरी आंधी, हल्की बारिश, बिजली के साथ गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।

क्या मिलेगी गर्मी से राहत?

भले ही दिल्ली के कुछ हिस्सों में इस समय बौछारें पड़ रही हों और आंधी चल रही हो, लेकिन मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि यह राहत बहुत ही क्षणिक और सीमित समय के लिए है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) बढ़ने के कारण उमस का स्तर और ज्यादा बढ़ जाएगा। बारिश थमते ही सूरज के तेवर फिर तीखे हो जाएंगे, जिसके चलते पूरी दिल्ली में आज पूरे दिन 'हीट डे' (Heat Day) का ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते दिन का अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है, जिससे लू (Heatwave) का टॉर्चर बरकरार रहेगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मौसम में थोड़ा सा बदलाव हुआ है, लेकिन ये बहुत प्रभावी नहीं है।

इन इलाकों में IMD का अलर्ट

IMD के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ सोनीपत, खारखौदा, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, पलवल, नूंह और आसपास के इलाकों में भी धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें, यात्रा से पहले सड़क और ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से परहेज करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article