दिल्ली में आज का मौसम (15 May 2026): राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसमी उतार-चढ़ाव का दौर अब समाप्त हो चुका है और दिल्लीवासी सूरज की तपिश और उमस से बेहाल हैं। बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मई माह का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। शुक्रवार, 15 मई 2026 को भी राहत के आसार कम हैं और तापमान 41 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
NDMA का अलर्ट: आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी
पूरी रात दिल्ली में तेज हवाएं चलती रही हैं। तेज गर्मी के बीच राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने बीती रात दिल्ली के कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है। जिसमें दिल्ली के सभी जिलों में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने, बिजली कड़कने और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मोबाइल फोन पर लगातार आ रही चेतावनियों ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है। हालांकि, यह बारिश गर्मी से अस्थायी राहत दे सकती है, लेकिन बिजली गिरने और तेज हवाओं से नुकसान का खतरा भी बना हुआ है। IMD के मुताबिक दिल्ली के सभी इलाकों में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी, हल्की बारिश होने की भी संभावना है। बिजली की गरज चमक के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हालांकि कोई अलर्ट नहीं जारी किया है।
अगले 5 दिनों में 43 डिग्री पार कर सकता है पारा
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में आने वाले दिन और भी कष्टकारी हो सकते हैं। 16 और 17 मई को तापमान 41 डिग्री के आसपास रहेगा, लेकिन 18 मई तक इसके 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। 17 से 19 मई के बीच चलने वाली तेज हवाएं गर्म और शुष्क होंगी, जिससे 'लू' (Heatwave) जैसी स्थिति बन सकती है। उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं और आसमान साफ रहने के कारण लू का प्रकोप बढ़ने की आशंका है।
स्वास्थ्य सलाह: दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें
भीषण गर्मी को देखते हुए हेल्थ एक्सपर्ट्स और मौसम विभाग लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह देते हैं। यह समय स्वास्थ्य के लिहाज से सबसे खतरनाक हो सकता है, जिससे डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक का खतरा रहता है। इन दिनों भरपूर पानी पिएं, नींबू पानी, छाछ और इलेक्ट्रोलाइट्स का सेवन करें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें। बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक कोई मजबूत 'पश्चिमी विक्षोभ' सक्रिय नहीं होता, तब तक दिल्ली को इस झुलसाने वाली गर्मी से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद कम है।
