Govindpuri Murder Case: दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में हुए मां-बेटे के डबल मर्डर केस (Mother Son Murder Delhi) को दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस (Delhi Double Murder) ने महिला के रिश्ते के भाई सौरभ साहू को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस के अनुसार, 20 और 21 मई की रात गोविंदपुरी इलाके में एक महिला और उसके 13 साल के बेटे की घर के अंदर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में डर और सनसनी का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया।
इन सभी सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी सौरभ साहू तक पहुंची
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की और तकनीकी निगरानी के साथ स्थानीय मुखबिरों की मदद ली। इन सभी सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी सौरभ साहू तक पहुंची। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी तुगलकाबाद एक्सटेंशन के घाटी वाला पार्क इलाके में मौजूद है। इसके बाद इंस्पेक्टर विष्णु दत्त और उनकी टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि जब आरोपी को रुकने के लिए कहा गया तो उसने अवैध हथियार निकालकर पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। आरोपी ने लगातार चार गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली एसआई यशपाल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
इस कारण आरोपी ने की महिला और उसके बेटे की हत्या
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और आरोपी को घायल हालत में पकड़ लिया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महिला उसे नशे और अपराध की दुनिया से दूर रहने की सलाह देती थी। इसी बात को लेकर वह उससे नाराज रहने लगा था। पुलिस के मुताबिक इसी गुस्से में उसने महिला और उसके बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, कारतूस, खाली खोखे, खून से सने कपड़े और अन्य सबूत बरामद किए हैं। डीसीपी साउथ ईस्ट डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि आरोपी पहले भी चोरी, स्नैचिंग, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
