Delhi Murder News: दिल्ली में पिछले 24 घंटे में चार लोगों की हत्या की वारदात सामने आई है, जहां गोविंदपुरी इलाके में देर रात मां और बेटे की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने धारदार हथियार से दोनों पर वार किया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं रोहिणी में दो नाबालिगों की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।
रोहिणी में डबल मर्डर?
रोहिणी के अमन विहार इलाके में यह हत्या की वारदात हुई। शुरुआती जांच में पता चला है कि सुल्तानपुरी निवासी तीन नाबालिग अपने दोस्त की हत्या का बदला लेने के लिए अमन विहार इलाके में आए थे। लेकिन उन्हें वह लड़का नहीं मिला, जिसकी तलाश में वे थे। जिसके बाद उन्होंने लड़के की मां और छोटे भाई से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद तीनों भागने लगे, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनका पीछा किया। इस दौरान भागते समय लड़कों के हाथ से चाकू गिर गया, जिसे एक 14 साल के नाबालिग ने उठा लिया और दोनों नाबालिगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। वहीं तीसरा नाबालिग घायल हो गया।
गोविंदपुरी में घर में खून से लथपथ मिले शव
पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरी में हुई वारदात में मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शारदा और उनके 15 वर्षीय बेटे कुशल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर पर सिर्फ मां और बेटा ही मौजूद थे। उसका पिता बुध बाजार से अपनी दुकान लगाकर वापस घर आए, तो उन्होंने देखा कि घर का गेट बाहर से बंद हैं। उन्हें दरवाजे के पास खून के धब्बे भी दिखाई दिए। शक होने पर जैसे ही वे अंदर गए, तो उन्होंने किचन में पत्नी और बेटे को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। इस खौफनाक नजारे से उनके होश उड़ गए।
क्यों और किसने की हत्या?
गोविंदहुई में हुए इस डबल मर्डर की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जिसके बाद स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी लूटपाट के इरादे से घर में आए और महिला द्वारा विरोध करने पर दोनों को मौत के घाट उतार दिया। उनके शवों पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी घर से कैश और जेवरात लेकर फरार हो गए। दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमों को बनाया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या की असली वजह स्पष्ट हो सके। फिलहाल पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।
