Delhi-Dehradun Expressway: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक जरूरी खबर है। एक्सप्रेसवे पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण देहरादून से दिल्ली जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। वहीं, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिसे देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक डायवर्ट
ट्रैफिक सर्किल अधिकारी (CO Traffic) अंकित कंडारी ने बताया कि दात काली मंदिर के पास एक्सप्रेसवे के एक हिस्से पर पैचवर्क (मरम्मत) का काम किया जा रहा है। इसके चलते देहरादून से दिल्ली जाने वाले वाहनों को उत्तर प्रदेश की ओर पुराने रास्ते से भेजा जा रहा है। हालांकि एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से देहरादून आने वाले वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने पर एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा।
भारी बारिश से नदियां उफान पर
दूसरी ओर उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियां रौद्र रूप धारण कर रही हैं। चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के ऊपरी हिस्सों में जारी मूसलाधार बारिश के बाद अलकनंदा, मंदाकिनी और उनकी सहायक नदियां उफान पर हैं। प्रशासन के अनुसार, अलकनंदा नदी का जलस्तर 623.10 मीटर पहुंच गया है। हालांकि नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन लगातार जारी बारिश के चलते प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट
नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नदी किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी की गई है।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी
प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और उत्तराखंड आए पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी के किनारों और नदी तल (रिवरबेड) पर जाने से बचें। साथ ही मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है।
