Delhi Connaught Place Accident: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस (Connaught Place) इलाके में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। आउटर सर्किल पर मिंटो ब्रिज के पास अचानक एक भारी-भरकम ट्रैफिक पोल सड़क पर गिर गया। इस पोल की चपेट में एक ऑटो-रिक्शा और एक स्कूटर आ गए। जिससे ऑटो में सवार एक बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए।
कनॉट प्लेस में हादसा (फाइल फोटो)
दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर
पुलिस के अनुसार, यह हादसा मंगलवार रात करीब 9:30 बजे हुआ। पोल गिरने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कनॉट प्लेस थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हादसे में घायल बच्चे और स्कूटी सवार को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना में किसी की मौत नहीं हुई है।
ऑटो और स्कूटर को भारी नुकसान
जानकारी के अनुसार, पोल गिरने से वहां से गुजर रहे एक ऑटो और एक स्कूटर को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। लेकिन पुलिस ने सड़क पर गिरे पोल को हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Bharatpur News: रिश्वत लेते पकड़े गए इंजीनियर के घर मिला 43.38 लाख कैश, 20 किलो चांदी भी बरामद
लोगों का आरोप- जर्जर हालत में था पोल
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि यह ट्रैफिक सिग्नल का पोल काफी समय से जर्जर और जंग के कारण अंदर से कमजोर हो चुका था, जिसके चलते यह अचानक गिर पड़ा। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोल गिरने के असली कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
