शहर

CM रेखा गुप्ता ने 500 नई बसों को दिखाई हरी झंडी; केजरीवाल पर तंज कसते हुए बोलीं- 'जनता ने दिया घमंड का जवाब'

दिल्ली में रविवार को सार्वजनिक परिवहन और पर्यावरण के लिहाज से एक बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मिलकर करीब 500 इलेक्ट्रिक बसों और दिल्ली-पानीपत बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। यह कार्यक्रम बीजेपी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया।

Image

बसों को हरी झंडी दिखाते प्रवेश वर्मा, पंकज सिंह, रेखा गुप्ता और नितिन नबीन (बाएं से दाएं) चित्र साभार: PTI

Photo : PTI

Delhi News: दिल्ली में भाजपा सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानीवासियों को आधुनिक परिवहन की बड़ी सौगात दी है। रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में 500 नई इलेक्ट्रिक बसों और दिल्ली-पानीपत अंतरराज्यीय बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

सरकार के एक साल पूरा होने पर आयोजित हुआ समारोह

भाजपा नीत सरकार के एक साल पूरे होने पर आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह, PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने 2025 के विधानसभा चुनावों में विकास की अनदेखी को खत्म कर भाजपा पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में दिल्ली बुनियादी सुविधाओं जैसे पानी, सीवरेज और स्वास्थ्य के लिए तरस रही थी, लेकिन अब दिल्ली फिर से विकास के सपने देख रही है।

केजरीवाल पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुराने बयानों पर पलटवार करते हुए कहा, "अहंकारी केजरीवाल कहते थे कि उन्हें हराने के लिए पुनर्जन्म लेना पड़ेगा। लेकिन दिल्ली की जनता ने इसी जन्म में और इसी रामलीला मैदान में भाजपा की सरकार बनाकर माहौल बदल दिया।" उन्होंने आगे कहा कि जनता ने यह साबित कर दिया है कि यदि वे किसी को प्यार से सत्ता के शिखर पर बैठा सकते हैं, तो उसे नीचे गिराना भी जानते हैं।

दिल्ली-पानीपत कनेक्टिविटी बन रही है बेहतर

परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने इस अवसर को अपने लिए व्यक्तिगत रूप से भी खास बताया। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन वे विधायक बने थे और सरकार का एक साल पूरा होने पर 500 इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा देना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली और पानीपत के बीच कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाया जा रहा है ताकि यात्रियों को अंतरराज्यीय सफर में सुगमता हो सके।

प्रदूषण के खिलाफ जंग और 'ग्रीन दिल्ली' का लक्ष्य

भाजपा विधायक अनिल गोयल ने कहा कि इन 500 इलेक्ट्रिक बसों का मुख्य उद्देश्य दिल्ली की जहरीली हवा को साफ करना और पर्यावरण में सुधार लाना है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बनाकर प्रदूषण की समस्या से स्थाई निजात पाई जा सके।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article