गर्मी की आहट के बीच दिल्ली सरकार का बड़ा प्लान, डिजिटल पोर्टल से होगी प्रोजेक्ट की निगरानी

दिल्ली में गुरुवार को तापमान ने सात साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए गर्मियों की आहट दे दी। इसी बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने के निर्देश दिए। जल्द ही ‘दिल्ली मित्र’ पोर्टल लॉन्च होगा, जो नागरिकों की शिकायतों का डिजिटल समाधान देगा।

दिल्ली में गुरुवार को तापमान कुछ ऐसा रहा कि आज के दिन की गर्माहट ने सात सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया, और इसी के साथ गर्मियों की आहट भी मिल गई। तो गर्मियों से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने का बिगुल बजा दिया है। सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि अब योजनाएं सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर नजर आनी चाहिए। आने वाले दिनों में ‘सीएम-प्रगति’ और ‘दिल्ली मित्र’ जैसे डिजिटल पोर्टल जनता और सरकार के बीच सीधे संवाद का पुल बनेंगे।

Delhi government review meeting

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की समीक्षा बैठक (चित्र साभार: X/@gupta-rekha)

CM-प्रगति पोर्टल पर अपडेट जरूरी

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि 5 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली सभी परियोजनाओं को एक सप्ताह के भीतर ‘सीएम-प्रगति’ पोर्टल (विभागीय मॉनिटरिंग के लिए आंतरिक पोर्टल) पर अपडेट करना अनिवार्य होगा। इससे परियोजनाओं की निगरानी, समयबद्ध समीक्षा और शीर्ष स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित होगी। इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा के साथ सभी विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि हर विभाग अपने-अपने पोर्टल पर विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट लगातार अपडेट करे ताकि आम जनता को काम की सही स्थिति पता चल सके और शासन में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि हर परियोजना तय समय-सीमा में पूरी हो, प्रत्येक विभाग उत्तरदायी रहे और जनता को विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध हो। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को लंबित परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के भी निर्देश दिए।

End of Feed