Delhi Bus Fire: दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। जहां बस में आग लगने से 25 वर्षीय बस कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से बस में आग लगी और कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लेकिन बस कंडक्टर की जान बच नहीं सकी।
बस कंडक्टर ने सोते समय जलाई अगरबत्ती
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुनील शर्मा के रूप में हुई है, जो एक निजी बस में कंडक्टर का काम करता था। रात के समय सुनील बस के अंदर ही सो रहा था। उसने मच्छरों से बचने के लिए अगरबत्ती जलाई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी अगरबत्ती से आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी बस में भीषण आग लग गई। हालांकि अभी आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिसके लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।
घटना के वीडियो में आग में घिरी दिखी बस
आग की घटना का एक भयावह वीडियो भी सामने आया है। जिसमें बस पूरी तरह से आग की लपटों से घिरी हुई नजर आ रही है। आग इतनी भीषण थी कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। बस में आग बहुत तेजी से फैली, जिस कारण अंदर सो रहे कंडक्टर को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल सका। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
दमकल की तीन गाड़ियों ने बुझाई आग
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर रात 12.33 बजे जनकपुरी मछली बाजार इलाके में बस में आग लगने की सूचना मिली। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। जिसके बाद टीम आग पर काबू पाने में जुट गई। उन्होंने बताया कि आग बुझाने का अभियान एक घंटे से अधिक समय तक जारी रहा। आग बुझाने के बाद अंदर से बस कंडक्टर का शव बरामद हुआ।
