शहर

मुंबई एयरपोर्ट पर ड्रग्स के खिलाफ मेगा ऑपरेशन: 48 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, 8 तस्कर गिरफ्तार

Mumbai News: मुंबई एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक अभियान के तहत 18 से 22 दिसंबर के बीच 48 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया। साथ ही इस मामले में 8 यात्रियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

Image

मुंबई एयरपोर्ट पर ड्रग्स के खिलाफ मेगा ऑपरेशन

Mumbai News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सीमा शुल्क अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक अभियान के तहत 48 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ 8 यात्रियों को भी गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी के अनुसार, मानक पदार्थ की अनुमानित कीमत 48 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सीमा शुल्क अधिकारियों को मिली बड़ी सफलता

बताया जा रहा है कि ये जब्ती सीमा शुल्क हवाई अड्डा आयुक्त कार्यालय की एक टीम ने 18 से 22 दिसंबर के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर संचालित एक अभियान के दौरान की थी। अधिकारी ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर, अधिकारियों ने बैंकॉक (थाईलैंड) और मस्कट (ओमान) से आने वाले यात्रियों को हिरासत में लिया और अलग-अलग छापेमारी में शैम्पू की बोतलों और टिन के डिब्बों में छिपाकर रखे गए प्रतिबंधित सामान को बरामद किया।

हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ 8 लोग गिरफ्तार

अधिकारी ने बताया कि बैंकॉक से आ रहे पांच यात्रियों के पास से कुल 35.045 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 35 करोड़ रुपये है। एक अन्य मामले में, 18 दिसंबर को मस्कट से आए एक यात्री से 81 ग्राम एम्फ़ैटेमाइन बरामद किया गया, जिसकी कीमत 16.2 लाख रुपये है। इसके अलावा, बैंकॉक से लौटे दो यात्रियों से 13.003 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 13 करोड़ रुपये है। अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस अभियान के दौरान, सीमा शुल्क विभाग की टीम ने 35.18 लाख रुपये मूल्य के 283 ग्राम हीरे के आभूषण और 24.91 लाख रुपये मूल्य के 6.6 किलोग्राम अन्य रत्न भी जब्त किए। अधिकारी ने बताया कि 22 दिसंबर को फुजैराह जा रहे यात्रियों से 45.26 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद की गई।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article