Coimbatore Murder Case: तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची के अपहरण और हत्या की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है और सभी राजनीतिक दलों ने कड़ी सजा की मांग की है। जानकारी के अनुसार, बच्ची गुरुवार शाम (Tamil Nadu News) अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई विशेष टीमें बनाई और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस जानकारी में खुलासा
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी कार्ति (33) है, जो नागपट्टिनम जिले का रहने वाला है और कोयंबटूर में रह रहा था। जांच में सामने आया कि वह बच्ची के परिवार का परिचित था। दूसरे आरोपी मोहन (30) ने उसकी मदद की थी। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी ने बच्ची को बहलाकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ गलत काम किया और फिर उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान वह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है।
सीएम और विपक्षी नेताओं ने जताया गहरा दुख और गुस्सा
इस घटना को लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और विपक्षी नेताओं ने गहरा दुख और गुस्सा जताया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस को तेज और सख्त जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। वहीं विपक्ष ने भी इस घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर चिंता जताई है। वहीं, मृत बच्ची के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की। परिजनों ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलता, वे शव नहीं लेंगे। इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है और लोग आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
