Punjab News: नीट पेपर लीक विवाद (NEET Paper Leak) के बाद आगामी 21 जून 2026 को दोबारा आयोजित होने जा रही नीट-यूजी की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि परीक्षा देने जा रहे सभी विद्यार्थियों के लिए पंजाब रोडवेज की सभी बसों में तीन दिनों तक सफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा। पंजाब सरकार ने फैसला लिया है कि 20, 21 और 22 जून को राज्य का कोई भी नीट अभ्यर्थी बिना एक भी रुपया दिए अपने परीक्षा केंद्र तक आ-जा सकेगा। इसके लिए छात्रों को टिकट के पैसे देने की जरूरत नहीं है, बल्कि कंडक्टर को सिर्फ अपना 'एडमिट कार्ड' (NEET Admit Card) दिखाना होगा।
केजरीवाल की सलाह पर CM मान का फैसला
दरअसल, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल इन दिनों दो दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने पंजाब में नीट की तैयारी कर रहे छात्रों और उनके परिजनों से मुलाकात की थी। केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ एक 'सेल्फी वीडियो' साझा करते हुए इस योजना की पृष्ठभूमि बताई। अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले दिनों जब परीक्षा रद्द हुई तो कई बच्चों ने मुझे लिखकर अपनी चिंताएं बताई थीं। कुछ छात्रों ने भावुक होकर कहा था कि वे बेहद गरीब परिवारों से आते हैं और दोबारा होने वाली परीक्षा के दिन अपने घर से सेंटर तक जाने के लिए उनके पास बस के किराए के पैसे भी नहीं हैं। आज मैं पंजाब आया तो मैंने इस विषय पर सीएम भगवंत मान साहब से बात की, जिसके तुरंत बाद मान सरकार ने यह ऐतिहासिक कदम उठाया।"
'सपने साकार करना सरकार का फर्ज, हिम्मत न हारें बच्चे'
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने छात्रों की आर्थिक तंगी को दूर करने की मंशा जताते हुए 'X' पर लिखा, "नीट की परीक्षा देने वाले कई बच्चे बेहद गरीब पृष्ठभूमि से आते हैं। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने का सफर उनके लिए बोझ न बने, यह सुनिश्चित करना हमारा फर्ज है। छात्र 20 तारीख को सेंटर जाएं, 21 को पेपर दें और 22 को वापस घर लौटें, इन तीन दिनों का पूरा खर्च पंजाब सरकार उठाएगी।" अरविंद केजरीवाल ने वीडियो संदेश के जरिए छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, "कुछ बच्चे डिप्रेशन और मोटिवेशन की कमी की बात कर रहे थे। अब ये सब बातें भूलकर पूरे जोश के साथ मेहनत में जुट जाओ। हिम्मत से काम लो, आप सब जरूर कामयाब होगे और डॉक्टर बनकर अपने माता-पिता और देश का नाम रोशन करोगे।"
पेपर लीक विवाद के बाद 21 जून को हो रही है परीक्षा
आपको बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा 3 मई 2026 को देश भर में आयोजित की गई नीट-यूजी परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक होने और व्यापक अनियमितताओं के पुख्ता सबूत मिलने के बाद 11 मई को आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया गया था। इसके बाद सरकार ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी थी। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अब री-एग्जाम की तारीख 21 जून तय की गई है, जिसके पारदर्शी संचालन के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय भी पूरी तरह सतर्क है।
