शहर

Uttarakhand Rain: उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, चारधाम यात्रा पर लगी रोक

Uttarakhand Rain: उत्तराखंड के सभी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश की चेतावनी के बीच चार धाम यात्रा को मौसम सही होने तक अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।

Image

भारी बारिश के कारण चारधाम यात्रा पर लगी रोक

Photo : iStock

Uttarakhand Rain: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में सात और आठ जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर चारधाम यात्रा रविवार को अस्थायी रूप से रोक दी गई। खराब मौसम के सही होने के बाद चारधाम यात्रा को एक बार फिर शुरू किया जाएगा। चारधाम यात्रा के लिए लगातार आ रही भारी भीड़ को देखते हुए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है।

भारी बारिश के कारण चारधाम यात्रा पर रोक

गढ़वाल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल में सात और आठ जुलाई को भारी बारिश होने का पूर्वानुमान किया है, इसके मद्देनजर सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया जाता है कि वे सात जुलाई को ऋषिकेश से आगे चारधाम यात्रा के लिए रवाना न हों।

उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर निकल चुके हैं उन्हें मौसम ठीक होने तक उसी स्थान पर रुकना चाहिए जहां वे अभी हैं।पिछले कुछ दिन से उत्तराखंड के विभिन्न भागों में भारी बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हो रहा है तथा बद्रीनाथ जाने वाला राजमार्ग कई स्थानों पर पहाड़ी से नीचे गिर रहे मलबे के कारण अवरुद्ध हो गया है। चमोली जिले में शनिवार को भूस्खलन के बाद पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में आने से हैदराबाद के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। दोनों मोटरसाइकिल पर बद्रीनाथ से लौट रहे थे।

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड के सभी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में नदियां भी उफान पर हैं। हल्द्वानी में भी नदी और नाले उफान पर हैं, जिसके कारण पुलिस और प्रशासन ने नदी किनारे रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जोशीमठ के पास विष्णु प्रयाग में अलकनंदा नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है। भारी बारिश से राज्य के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

इनपुट - भाषा

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article