Chandigarh News: सिद्धू मूसेवाला के हत्या में शामिल लॉरेंस गैंग और गैंगस्टर टीनू के गुर्गे मोहित को चंडीगढ़ पुलिस ने दबोचा है। यह वही आरोपी है, जिसने टीनू को पुलिस कस्टडी से भागने में मदद की थी। चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार, इस आरोपी ने टीनू के कहने पर पंजाब पुलिस के सस्पेंड मानसा सीआईए इंचार्ज प्रीतपाल की चंडीगढ़ में मिलकर खूब खातिरदारी की थी। इस आरोपी ने सीआईए इंचार्ज को चंडीगढ़ स्थित एलांटे माल में कई हजार की खरीदारी कराई थी। साथ ही इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक क्लब में देर रात पार्टी कराने के साथ जीरकपुर के एक होटल में भी ठहराया था। जिसके बाद ही टीनू इस पुलिस अधिकारी की कस्टडी से फरार हुआ।
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मोहित ने पूछताछ की जा रही है। अब तक कई मामले की जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहित चंडीगढ़ के बापूधाम बस्ती का रहने वाला है और इसने अब तक कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी के पास से यूएस में बनी गैरलाइसेंसी पिस्टल भी बरामद किया गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी मोहित ने खुलासा किया कि उसने गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के खास दोस्त संपत नेहरा के साथ पढ़ाई की है। हालांकि अपराध की दुनिया में यह गैंगस्टर टीनू के संरक्षण में रहकर काम करता था।
लंबे समय से आरोपी की तलाश कर रही थी पुलिस
डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल के इंचार्ज नरिंदर पटियाल ने बताया कि इस आरोपी की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली की यह आरोपी बापूधाम आया है और अब शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट की तरफ जा रहा है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर आरोपी मोहित को किशनगढ़ की तरफ जाते हुए दबोच लिया। आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद किया। पुलिस ने बताया कि यह आरोपी टीनू के कहने पर लोगों को धमकी देकर वसूल करता था। यह क्लब व डिस्कोथेक में भी अपनी धाक जमाकर लोगों से रंगदारी वसूलता था। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
