चण्डीगढ़

पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी; सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले 4 गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हथियारों की तस्करी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से सात अवैध पिस्तौलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान से हथियार मंगवाकर राज्य के गैंगस्टरों को सप्लाई कर रहे थे।

Image

पंजाब पुलिस ने सीमा पार से हथियारों की तस्करी का किया भंडाफोड़ (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Punjab Arms Smuggling: पंजाब पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से हथियारों की तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने जानकारी दी कि इन लोगों के पास से कुल सात अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के दाओके गांव निवासी 20 वर्षीय आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश, बाघा कलां गांव के 23 वर्षीय रमनप्रीत सिंह, फिरोजपुर के सुर सिंह गांव के 25 वर्षीय प्रताप सिंह और अमृतसर के देबी वाला बाजार के 25 वर्षीय सरबजीत सिंह उर्फ बब्बल के रूप में हुई है।

जांच अभी जारी

पुलिस ने इनके पास से दो 9MM PX5, दो 9MM ग्लॉक और तीन .30 बोर की पिस्टलें जब्त की हैं। डीजीपी यादव ने बताया कि यह गिरोह पाकिस्तान स्थित तस्करों से संपर्क में था और भारत-पाक सीमा के पास से हथियारों की खेप प्राप्त कर राज्य के गैंगस्टरों को सप्लाई कर रहा था। उन्होंने कहा कि आरोपी सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय थे और पूरे नेटवर्क की जांच अभी जारी है।

हथियार किए गए जब्त

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करते हुए पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर छेहरटा थाना क्षेत्र से आकाश और रमन को गिरफ्तार किया, जिनके पास से चार पिस्तौलें बरामद हुईं। इसके बाद उनके दो अन्य साथी प्रताप और सरबजीत को भी गिरफ्तार कर उनके पास से तीन और हथियार जब्त किए गए।

पाकिस्तान से अवैध हथियार

भुल्लर ने बताया कि आकाश, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब रहता है, रमन के साथ मिलकर पाकिस्तान से अवैध हथियार मंगवाता था, जबकि सरबजीत और प्रताप उनके वितरण और समन्वय की जिम्मेदारी संभालते थे। उन्होंने कहा कि इन गिरफ्तारियों से एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल किया गया है। पुलिस ने अमृतसर के छेहरटा थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी हो सकती है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article