चण्डीगढ़

Chandigarh Weather: कड़ाके की ठंड के साथ धुंध की चादर में लिपटा चंडीगढ़, स्‍कूल की छुट्टियां एक सप्‍ताह के लिए बढ़ी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 3, 2023, 08:12 PM IST

Chandigarh Weather: घनी धुंध और कंपा देने वाली ठंड ने चंडीगढ़ वालों की कंपकंपी छुटा दी है। मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक शहर के कई इलाकों में घनी धुंध छाई रही। आज शहर में अधिकतम तापमान जहां 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आने वाली 6 जनवरी तक ठंड से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

Image

घने कोहरे के चादर में लिपटा चंडीगढ़

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी बढ़ाएगी ठंड
  • चंडीगढ़ में 6 जनवरी तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड
  • मंगलवार को दोपहर तक शहर में छाई रही धुंध

Chandigarh Weather: घनी धुंध और कंपा देने वाली ठंड ने चंडीगढ़वालों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। चंडीगढ़ के कई इलाकों में मंगलवार दोपहर 12 बजे तक घनी धुंध छाई रही। वहीं, सुबह के समय ज्‍यादातर इलाकों में विजिबिलिटी जीरो रही। जिसकी वजह से सड़कों पर सन्‍नाटा पसरा रहा। चंडीगढ़ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में शिमला, कुफरी और नारकंडा जैसे पहाड़ी इलाकों में बर्फ गिर सकती है। जिसके बाद चलने वाली बर्फीली हवाएं चंडीगढ़ के अधिकतम और न्‍यूनतम तापमान को और गिराएंगी।

मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में छह जनवरी तक कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इस दौरान घना कोहरा और शीत लहर अपना प्रकोप दिखाएगी। बढ़ती ठंड को लेकर 6 जनवरी तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को सुबह और शाम घनी धुंध छायी रहेगी। दिन में मौसम साफ रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन शीतलहर की वजह से रात में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच बना रहेगा। वहीं वीरवार को भी सुबह और शाम घनी धुंध रहेगी। दिन में आसमान में हल्‍के बादल छाए रहेंगे। इस दिन अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

15 जनवरी तक बढ़ सकती हैं छुट्टियां

बढ़ती ठंड के कारण चंडीगढ़ के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियों की तारीख को बढ़ा दिया गया है। शिक्षा विभाग की तरफ से जारी नोटिस में बताया गया है कि मौसम विभाग ने ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। अधिक धुंध और ठंड की वजह से बच्चों की सेहत खराब न हो, इसलिए छुट्टियों में इजाफा किया गया है। अब दो जनवरी को खत्‍म हुई सर्दी की छुट्टियों को एकबार फिर से बढ़ाकर आठ जनवरी तक किया जा रहा है। बता दें कि चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की तरफ से स्कूलों में 25 दिसंबर से दो जनवरी तक शीत अवकाश घोषित किया गया था। शिक्षा अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी अगर ठंड का प्रभाव ज्‍यादा रहा तो इन छुट्टियों को 15 जनवरी तक बढ़ाया जा सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article