चण्डीगढ़

Chandigarh Weather: चंडीगढ़ में टूटे सर्दी के सभी रिकॉर्ड, कड़ाके की ठंड के साथ होगा न्यू ईयर का स्वागत

Chandigarh Temperature : चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड लोगों को ठिठुरन का एहसास करा रही है। सोमवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्‍यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की संभावना भी व्‍यक्‍त की है। नए साल पर हल्‍की बारिश हो सकती है, इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी भी देखने को मिलेगी।

Image

चंडीगढ़ में धुंध के बीच सड़क र जाता एक व्‍यक्ति

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • चंडीगढ़ में न्‍यूनतम तापमान पहुंचा 6 डिग्री के पार
  • चंडीगढ़ व आसपास 29 दिसंबर को हल्‍की बारिश की संभावना
  • आने वाले दो दिन गहरी धुंध के साथ ठंड बढ़ाएगी परेशानी

Chandigarh Temperature : चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। शहर में न्‍यूनतम और अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई है। सोमवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और न्‍यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री दर्ज किया गया था, जो बीते तीन साल में सबसे कम था। इससे पहले दिसंबर 2019 में चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इस बीच मौसम विभाग ने बारिश की संभावना भी व्‍यक्‍त की है। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में नए साल पर हल्‍की बारिश हो सकती है, इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी भी देखने को मिलेगी।

सोमवार को सुबह गहरी धुंध छाई रही, जिसकी वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालक गाड़ियों की लाइट जलाकर चलने को मजबूर थे। सुबह करीब 11 बजे धुंध कम हुई, लेकिन आसमान में छाये बादलों की वजह से धूप नहीं निकली। दिनभर चली शीतलहर के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 29 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो जाएगा। जिसकी वजह से चंडीगढ़ में हल्‍की बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

यह रहेगा अगले दो दिन का मौसम

मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान चंडीगढ़ व आसपास के क्षेत्र में घना कोहरा छाये रहने की संभावना है। इस दौरान शहर में शीतलहर भी चलेगी। इस ठंड से बचने के लिए लोगों से अतिरिक्‍त सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को सुबह और शाम घनी धुंध छाई रहेगी। साथ ही आसमान में हल्‍के बादल भी रहेंगे। दिन का अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार को न्‍यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। सुबह और शाम हल्की धुंध और आसमान में बादल छाये रहेंगे। बुधवार को अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
Times Now Digital
Times Now Digitalauthor

Professionals & enthusiasts who write about politics to science, from economy to education, from local issues to national events and global affairs, they have you covered.

और पढ़ें
End of Article