Best Places to Visit in Chandigarh: चंडीगढ़ को ब्यूटीफुल सिटी कहा जाता है। यहां पर आपको परिवार के साथ घूमने के लिए सुखना लेक, रॉक गार्डन, रोज गार्डन जैसे एक से बढ़कर एक बढ़िया जगह मिल जाएंगी। नेचर से भरपूर इन जगहों के अलावा आस्था की धारा में बहने के लिए यहां आपको कई प्राचीन मंदिर भी मिल जाएंगे। अगर आप भी धार्मिक स्थलों पर घूमना पसंद करते हैं तो नए साल पर परिवार व दोस्तों के साथ चंडीगढ़ के इन ऐतिहासिक मंदिरों में आ सकते हैं। इन मंदिरों में आपको धार्मिक ज्ञान और प्राचीन कहानियां के अलावा आत्मिक शांति भी प्राप्त होगी। नए साल पर इन मंदिरों को खास तौर पर सजाया जाता है। इन जगहों पर मन्नत मांगने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ती है।
माता मनसा देवी मंदिर
पंचकूला में स्थित माता मनसा देवी मंदिर बहुत ही प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिर है। मां के इस दरबार में लाखों भक्तों की असीम आस्था है। यह उत्तर भारत के प्रमुख शक्ति पीठ मंदिरों में से एक है। इस मंदिर के बारे में मान्यता है कि अगर कोई भक्त सच्चे मन से मंदिर के अंदर 40 दिन तक निरंतर पूजा करता है, तो उसकी हर मनोकामना पूर्ण हो जाती है। यहां पर नए साल पर दूर-दराज से भक्त मां के दर्शन करने पहुंचते हैं।
सकेतड़ी शिव मंदिर
सकेतड़ी शिव मंदिर एक ऐतिहासिक मंदिर है। पौराणिक कथाओं और मान्यताओं के अनुसार, यहां पर भगवान शिव स्वयं प्रकट हुए थे। पांडवों ने भी यहां पहुंच कर भगवान शिव की पूजा अर्चना की थी। इस मंदिर की मान्यता कई राज्यों में है। सावन के महीने में यहां पर लाखों भक्तों की भीड़ उमड़ती है।
जयंती देवी माता मंदिर
चंडीगढ़ से करीब 10 किलोमीटर दूर गांव माजरी की पहाड़ी पर स्थित जयंती देवी माता का मंदिर भी ऐतिहासिक है। कहा जाता है कि इस मंदिर का निर्माण राजा गरीब दास ने मुगल काल से पहले करवाया था। मंदिर के बारे में मान्यता है कि यहां पर सच्चे दिल से मांगी गई हर मुराद पुरी होती है और माता रानी कृपा बरसने पर फकीर भी राजा बन जाता है।
शिरडी साईं बाबा मंदिर
चंडीगढ़ में स्थित शिरडी साईं बाबा का मंदिर भी इस शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। इस मंदिर का निर्माण 1989 में कराया गया था। यहां पर मौजूद शिरडी साईं बाबा की पवित्र मूर्ति को जयपुर से पहले शिरडी ले जाया गया। वहां से फिर चंडीगढ़ में लाया गया था।
