शहर

धुएं की चादर में लिपटा चमोली! पिंडर रेंज से गिरसा गांव तक धधक रहे जंगल; वन्यजीवों पर बड़ा संकट

उत्तराखंड के चमोली में जंगल आग की चपेट में हैं। गिरसा गांव से लेकर पिंडर रेंज, कपीरी पट्टी और अन्य वन क्षेत्रो में आग फैल रही है, जिससे बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

Image

चमोली के जंगलों में लगी भीषण आग

चमोली : जिले के अधिकांश इलाकों के जंगलों में आग ने विकराल रूप धारण कर रखा है पिछले 2 दिनों से जंगलों में लगातार आग लगने की घटनाओं के कारण धुएं का गुबार दूर-दूर तक फैल रहा है, जिससे वातावरण में गर्मी बढ़ने लगी है और लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। गिरसा गांव के जंगलों में आग विकराल रूप में फैल रही है। वहीं पिंडर रेंज, कपीरी पट्टी और अन्य वन क्षेत्रो में आग लगी हुई है फैल रही है। बारिश की कमी और चीड़ के जंगलों में सूखी पत्तियों के कारण आग पर वन विभाग के कर्मी काबू नहीं कर पा रहे है। जंगलों में आग लगने के चलते वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। कई हेक्टेयर जंगल जल चुके हैं, वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हुआ है।

आग बुझाते समय झुलसा कर्मचारी

उधर, बदरीनाथ वन प्रभाग में जंगल की आग बुझाते समय चट्टान से गिरने से वन विभाग के एक अस्थायी कर्मचारी की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी । अधिकारियों के मुताबिक, घटना बुधवार देर शाम वन प्रभाग की चमोली रेंज में चमोली और बिरही गांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे इलाके में हुई जहां चीड़ के जंगल में आग लगने की सूचना पर वन विभाग के कर्मी (फायर वाचर) राजेंद्र सिंह (45) अपनी टीम के साथ पहुंचे थे।

आग बुझाते समय सिंह अचानक चट्टान से फिसल गए और 100 फुट गहरी खाई में गिर गए। बदरीनाथ वन प्रभाग के उप प्रभागीय वन अधिकारी जुगल किशोर ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग ने उनकी खोजबीन की जिसके बाद उनका शव बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि सिंह निकटवर्ती पाखी गांव के निवासी थे और उन्हें आग की रोकथाम के लिए वन विभाग की ओर से अस्थाई रूप से पांच महीने के लिए तैनात किया गया था।

पिछले माह भी प्रदेश में ऐसी ही एक अन्य घटना हुई थी जहां नैनीताल में जंगल में सूखे पत्ते साफ करते समय पैर फिसलने से खाई में गिरकर एक अस्थाई वन कर्मचारी की मौत हो गयी थी। बिरला चुंगी क्षेत्र में वन में आग लगने से रोकने के उपायों के तहत 53 वर्षीय आनंद लाल को जंगल की सफाई के लिए तैनात किया गया था ।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article