शहर

गोवा पर मेहरबान केंद्र सरकार, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 383 करोड़ रुपये दिए

गोवा अपने बीच टूरिज्म के लिए दुनियाभर में अलग ही पहचान रखता है। केंद्र और राज्य सरकार गोवा के पर्यटन को और भी बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। इसी कड़ी में गोवा के पर्यटन मंत्री ने बताया है कि पिछले 8 साल में केंद्र सरकार ने गोवा में विभिन्न परियोजनाओं के लिए 383 करोड़ से अधिक का अनुदान दिया है।

Image

गोवा कों केंद्र से मिली बड़ी राशि (फोटो - incredibleindia.gov.in)

पणजी, भाषा। गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खंवटे ने कहा है कि राज्य को बीते आठ वर्षों में केंद्र से विभिन्न परियोजनाओं के लिए 383.20 करोड़ रुपये का अनुदान मिला है। इन परियोजनाओं में छत्रपति शिवाजी महाराज को समर्पित एक संग्रहालय भी शामिल है।

खंवटे ने गुरुवार को विधानसभा में बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मार्च 2017 से जून 2025 के बीच यह अनुदान की राशि जारी की गई। उन्होंने कहा कि ‘कोस्टल सर्किट वन’ के विकास के लिए 97.65 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जिसमें सिंक्वेरिम, बागा, अंजुना, वागाटोर, मोरजिम केरी के समुद्र तट और उत्तरी गोवा जिले में अगुआड़ा किला और अगुआड़ा जेल शामिल हैं।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक कृष्णा दाजी सालकर द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में खंवटे ने कहा कि इसी तरह ‘कोस्टल सर्किट टू’ के विकास के लिए राज्य को 99.35 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं, जिसमें पणजी में ‘रुआ डे ओरेम’ खाड़ी से ‘डोना पाउला’ और दक्षिण गोवा में बेनौलिम शामिल हैं।

मंत्री ने कहा कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ‘प्रशाद’ योजना के अंतर्गत पुराने गोवा में ‘बोम जीसस बेसिलिका’ (गिरजाघर) के आसपास अवसंरचना के विकास पर 4.67 करोड़ रुपये खर्च किए गए। पुराने गोवा में स्थित ‘द बेसिलिका’ में सेंट फ्रांसिस के जेवियर के अवशेष रखे गए हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्र ने दक्षिण गोवा के कोलवा समुद्र तट के विकास और उत्तरी गोवा के पोरवोरिम में ‘खाड़ी अनुभव’ को और अच्छा करने के लिए अपनी ‘स्वदेश दर्शन योजना 2.0’ के तहत 4.14 करोड़ रुपये भी जारी किए हैं।

मंत्री के अनुसार, पणजी के पास चिम्बल गांव में ‘यूनिटी मॉल’ परियोजना के लिए पूंजी निवेश के लिए राज्यों को केंद्र की विशेष सहायता के तहत 50 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। मंत्री ने कहा कि केंद्र ने गोवा को प्रतिष्ठित पर्यटन केंद्रों के विकास के लिए 124 करोड़ रुपये भी दिए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दो बड़ी परियोजनाओं का प्रस्ताव दिया है, जिनमें पोरवोरिम में टाउन चौक और पोंडा के फार्मागुडी में छत्रपति शिवाजी महाराज को समर्पित एक संग्रहालय शामिल है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article