शहर

जनेऊ संस्कार में "तमंचे पे डिस्को", बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, केस दर्ज

गोपालगंज में एक निजी कार्यक्रम के दौरान हथियार लहराने और डांसरों के डांस पर पैसे उड़ाने का वीडियो वायरल होने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह विवादों में घिर गए हैं। मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है।

Image

मोकामा विधायक अनंत सिंह

Photo : PTI

Anant Singh: बिहार के मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। गोपालगंज में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान उनके स्वागत में समर्थकों द्वारा हथियार लहराने और अश्लील डांस देखने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। इस मामले में गोपालगंज पुलिस ने आयोजक गुडुडु राय, विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी कलाकार गुंजन सिंह समेत कुल 9 लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

हथियार लहराते और डांसरों के डांस पर पैसे उड़ाते देखा गया

बाहुबली विधायक अनंत सिंह के स्वागत समारोह का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसमें समर्थकों को हथियार लहराते और डांसरों के डांस पर पैसे उड़ाते देखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी विनय तिवारी ने हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। जांच पूरी होने के बाद मीरगंज थाने में आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और मोकामा विधायक अनंत सिंह समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

उपनयन संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे अनंत सिंह

2 मई को मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में मुखिया गुड्डू राय के बेटे के उपनयन (जनेऊ) संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस मौके पर उनके स्वागत के लिए खास आयोजन किया गया था, जहां महफिल सजी हुई थी। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने भोजपुरी गानों पर खुलेआम हथियार लहराते हुए उनका स्वागत किया, जिसका वीडियो बाद में सामने आया और चर्चा का विषय बन गया।

"हमने किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया"

गोपालगंज में दर्ज मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कोई भी गैरकानूनी काम नहीं किया और न ही किसी कानून का उल्लंघन किया है। उनका कहना था कि जब वे कार्यक्रम में पहुंचे, उस समय कौन व्यक्ति हथियार लेकर नाच रहा था या गाना गा रहा था, इससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके साथ सुरक्षा कर्मी रहते हैं, जो नियमों के तहत हथियार रखते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जिला प्रशासन या एसपी उन्हें वहां आने से मना कर देते, तो वे कार्यक्रम में शामिल नहीं होते।

अनंत सिंह ने कहा कि जब वे कार्यक्रम में मौजूद थे, उस समय वहां पुलिस भी मौजूद थी। ऐसे में यदि कोई कानून का उल्लंघन हो रहा होता, तो पुलिस को उस पर कार्रवाई करनी चाहिए थी। वहीं, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के मंत्री बनने पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें बहुत प्रसन्नता है और उम्मीद है कि वह नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करते हुए अच्छा प्रदर्शन करेंगे। परिवारवाद के मुद्दे पर अनंत सिंह ने कहा कि परिवारवाद तब माना जाता है, जब एक ही परिवार के कई लोग विधायक या मंत्री बन जाएं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article