शहर

हरिद्वार में गंगनहर में दो युवकों ने फेंकी चिकन बिरयानी, वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में पुलिस

Haridwar News: हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में गंग नहर में कथित रूप से चिकन बिरयानी फेंकने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

Haridwar News: हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में गंग नहर में कथित रूप से चिकन बिरयानी फेंकने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (Haridwar viral video) हो रहा है, जिसके बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 18 मई की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में दो युवक गंग नहर में चिकन बिरयानी और बचा हुआ सामान फेंकते नजर आ रहे हैं।

घटना के बाद पूरा मामला सोशल मीडिया वायरल

बताया जा रहा है कि दोनों युवक ज्वालापुर के लालपुल इलाके के पास नॉनवेज की दुकान चलाते हैं। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें ऐसा करते देखा तो उन्होंने तुरंत विरोध जताया और दोनों युवकों को रोक लिया। इस दौरान मौके पर काफी बहस और हंगामा हुआ। वीडियो में कुछ लोग युवकों को खरी-खोटी सुनाते भी दिखाई दे रहे हैं। वहीं वीडियो बना रहे एक युवक और आरोपियों के बीच कहासुनी, गाली-गलौज और हाथापाई की स्थिति भी बन गई। घटना के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। मामले को लेकर कई साधु-संतों और हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने गंगा में इस तरह की सामग्री फेंकने को धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामले की जांच की शुरू

घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की बाइक का नंबर भी ट्रेस कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों युवकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन लोगों में घटना को लेकर नाराजगी बनी हुई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!